सारन बिहार राज्य का एक जिला है। इसका क्षेत्रफल ६९०० किमी. है। जनसंख्या ३५,८४,९१८ (१९६१) है। सारन जिला गंगा, घाघरा तथा गंडक नदियों के बीच त्रिभुजाकार फैला है। यह समतल मैदान है जो दक्षिण-पूरब दिशा में बहने वाली नदियों द्वारा कई भागों में बँटा है। दाह, गंडकी, घनाई, घांगरी आदि छोटी-छोटी नदियाँ हैं जो गंडक की पुरानी शाखाएँ हैं। खनुआ झराही, तथा खतसा भी ऐसी ही नदियाँ हैं। धान के अलावा रबी की फसलें भी यहाँ उपजती हैं। यहाँ सूखे का प्रभाव अधिक पड़ता है अत: इस जिले में खाद्यान्न पर्याप्त मात्रा में नहीं पैदा होता। छपरा, रेवेलगंज, सिवान, महाराजगंज, मीरगंज, दीघवारा, सोनपुर तथा भैरव मुख्य नगर तथा बाजार हैं। जिले का मुख्यालय छपरा में है (देखें छपरा)। [जंगीर सिंह]