सामार द्वीप (Samar Island) सामार द्वीप फिलीपाइन समुद्र में स्थित हैं। क्षेत्रफल ५३०९ वर्गमील है। इसका समुद्री तट असमान एवं कटा है। यहाँ की नदियाँ छोटी तथा तीव्रगामिनी हैं। यहाँ की जलवायु स्वास्थ्यप्रद है किंतु प्रशांत महासागर के तूफानों के सम्मुख पड़ने के कारण जलवायु भिन्न हो जाता है। प्रत्येक भाग में कृषि नहीं होती। चरागाही एवं लकड़ी का व्यवसाय किया जाता है। चावल, नारियल एवं अबाका (abaca) उत्पन्न होता है। हरमानी (Hermani) नामक स्थान पर लोहे की खानें पाई जाती हैं। यहाँ के मुख्य निवासी विसायंस (Visayans), बीकोज (Bikoes) तथा टागालोस (Tagalos) हैं। मुख्य नगर काटावालोगन, वासेय, काटवायोग, ग्वीनान, तथा बोरोन्गान हैं।

सर्वप्रथम सन् १५२१ में स्पेन निवासियों ने इसकी खोज की। सन् १९२० में यहाँ स्वशासन स्थापित हुआ। सन् १९४२ में यह जापान के अधीन था तथा सन् १९४४ में पुन: अमरीका के अधीन हो गया। (भपेंद्रकांत राय)