साऊदी अरब स्थिति: २६उ. अ. तथा ४४पू. दे.। यह दक्षिण-पश्चिम एशिया में स्थित अरब प्रायद्वीप का सबसे बड़ा राष्ट्र है। इसके उत्तर में जॉर्डन तथा इराक, उत्तर-पूर्व में कुवैत, पूर्व में फारस की खाड़ी, कॉतॉर (Qatar) एवं ओमन तथा दक्षिण में येमन, अदन एवं मस्कैत आदि हैं। फारस की खाड़ी इसकी पूर्वी सीमा पर ३०० मील की लंबाई में फैली है, जबकि पश्चिमी समुद्री तट जॉर्डन के एल-अकाबा से यमन तक १,१०० मील तक लंबा है। इसका कुल क्षेत्रफल लगभग ६,००,००० वर्ग मील है। लालसागर के किनारे-किनारे समुद्री मैदान फैला है तथा उत्तर में हिजाज़ पर्वत एवं दक्षिण में ऐसीर पहाड़ी फैली हुई है। मध्य का नज्द भाग पठारी है, जो पश्चिम में लगभग ५,००० तथा पूर्व में लगभग २,००० फुट ऊँचा है। लगभग १,५०० फुट ऊँचा एवं ३५ मील चौड़ा दैहाना रेगिस्तान नज्द को पूर्वी निम्न प्रदेश से अलग करता है। यहाँ का लगभग एक-तिहाई भाग रेगिस्तानी है। रूब-ऐल-खाली सबसे बड़ा मरुस्थल है, जो दक्षिणी भाग में स्थित है तथा लगभग २,५०,००० वर्ग मील में फैला है। यहाँ पर दो झीलें भी हैं। पूर्वी भाग में पातालफोड़ कुएँ बहुत बड़ी संख्या में है। पश्चिमी भाग के वर्षा के जल के पृथ्वी के नीचे-नीचे बहकर पूर्वी भाग में सतह के ऊपर आ जाने से इन कुओं की उत्पत्ति हुई है।

यहाँ की जलवायु गर्म तथा शुष्क और धूल तथा बालू के तूफान चला करते हैं। रात एवं दिन के ताप में बहुत अंतर रहता है। देश के मध्य भाग में वर्ष के सबसे गर्म समय, मई से सितंबर तक, का ताप ५४सें. तक पहुँच जाता है। समुद्री तटों मुख्यतया पूर्वी तट पर ताप कुछ कम रहता है, किंतु नमी की मात्रा बढ़ जाती है जिसके कारण बहुत अधिक कोहरा पड़ता है। अक्टूबर से मई तक शाम का ताप १५से २१सें. के मध्य रहता है। डारान में औसत वर्षा ४ इंच से ६ इंच तक है, जो मुख्यतया नवंबर से मई के बीच होती है। ऐसीर क्षेत्र में २० इंच तक वर्षा हो जाती है।

मिट्टी में खारापन होने तथा जलवायु के शुष्क होने के कारण यहाँ वनस्पति का अभाव है। इमली, जुनिपर, टैमस्टिक (एक गुल्म विशेष), बबूल तथा खजूर यहाँ के प्रमुख वृक्ष है। चौपायों में सबसे प्रमुख ऊँट है, जो यहाँ का सब कुछ है। अन्य जंगली जानवरों में हरिण (Gazzelle), ओरिक्स (Oryx), जरबोआ (एक प्रकार का रेगिस्तानी खरगोश), भेड़िए, लोमड़ी, जंगली बिल्ली, तेंदुए, बदर, गीदड़ आदि मिलते हैं।

यहाँ के घुमक्कड़ बद्दू, लोगों के कारण सही जनसंख्या प्राप्त नहीं हो पाती है। यहाँ की जनसंख्या में ५०% बद्दू लोग हैं। २५% जनसंख्या नगरों में निवास करती है। यहाँ की सरकार द्वारा, अभी कुछ वर्षों पहले, कराई गई जनगणना के अनुसार यहाँ के नगरों की जनसंख्या इस प्रकार है: रियाद (३,००,०००), मक्का (२,००,०००) जेद्दा (२,५०,०००), मदीना (५०,०००), तैफ (३०,०००), एल दमाम (२०,०००) थी। यहाँ १०,००० से अधिक जनसंख्या वाले २० नगर हैं। यहाँ की प्रमुख भाषा अरबी है। यहाँ का प्रमुख धर्म इस्लाम (सुन्नी) है। इस्लाम धर्म का यह केंद्र है।

कृषि की दृष्टि से तीन स्थान प्रमुख है: १. ऐसीर का उच्च प्रदेश तथा इससे संबद्ध हिजाज़ का उच्च प्रदेश, २. ऐसीर का समुद्रतटीय भाग तथा हैजाज़ का उत्तरी भाग और ३. नखलिस्तान । खजूर, ज्वार, बाजरा तथा गेहूँ यहाँ की प्रमुख उपज है। शहरी लोगों को छोड़कर अधिकांश लोगों का मुख्य भोजन खजूर है। पूर्वी क्षेत्र में हासा मरूद्यान में धान उगाया जाता है। यहाँ तरबूज और कॉफी भी उगाई जाती है।

पेट्रोलियम यहाँ का सबसे प्रमुख खनिज पदार्थ है। इसके अतिरिक्त चाँदी एवं सोने का भी खनन किया जाता है। लोहे एवं जिप्सम के भंडार का भी पता चला है।

पेट्रोलियम शोधन सबसे प्रमुख उद्योग है। सरकार की आय का सबसे बड़ा साधन खनिज तेल ही है। अन्य हल्के उद्योग बहुत थोड़ी मात्रा में हैं।