साउथ डकोटा (South Dakota) यह संयुक्त राज्य अमरीका का एक राज्य है। इसके उत्तर में उत्तरी डकोटा, पूर्व में मिनिसोटा, तथा आइओवा, दक्षिण में निब्रैसका और पश्चिम में बाइओमिंग (Wyoming) तथा मॉनटैना राज्य स्थित हैं। राज्य का क्षेत्रफल ७७,०४७ वर्ग मील है। पीयर (Pierre) यहाँ की राजधानी है।

भौगोलिक दृष्टि से इस राज्य को निम्नलिखित ऊँचाई वाले भागों में बाँटा जा सकता है: (१) १,०००-२,००० मीटर ऊँचाई का क्षेत्र, (२) ५००-१,००० मीटर ऊँचाई का क्षेत्र, (३) २००-२५० मीटर ऊँचाई का क्षेत्र। यहाँ की मुख्य नदियाँ मिसिसिपी और जेम्स हैं। मिसिसिपी की सहायक नदी जेम्स है, जो यैंगटन स्थान पर इससे मिलती है। पश्चिम दिशा से आकर मिसिसिपी में मिलने वाली नदियों में ह्वाईट प्रमुख है।

कृषि एवं पशुपालन के अतिरिक्त यहाँ खनिज पदार्थ भी अधिक पाए जाते हैं। इस भाग में फार्म का औसत क्षेत्रफल ८,०४८ एकड़ है तथा १९५९ में प्रत्येक प्रकार के फार्मों की संख्या ५५,७२७ थी जिनका संपूर्ण क्षेत्रफल ४,४८,५१,००० एकड़ था। यहाँ दूध देने वाली गायों, भेड़ों, तथा सूअरों की संख्या लाखों में है। पहाड़ी एवं पठारी प्रदेश होने के कारण यहाँ मांस और मक्खन का उद्योग विकसित हुआ है।

सर्वप्रथम यहाँ १८७४ ई. में सोने की खान का अन्वेषण हुआ था। संपूर्ण संयुक्त राज्य का ३७% सोना यहाँ के होम्सटेक की खानों से प्राप्त किया जाता है। अन्य खनिज पदार्थों में चाँदी, लोहा, यूरेनियम, फेल्सपार, तथा जिप्सम हैं।

मुख्य नगरों में सूफाल्स (Sioux Falls ६५,४६६), ऐबरडीन (२३,०७३) ह्यूरन (१४,१८०) आदि हैं। [भपेंद्रकांत राय]