साउथ कैरोलाइना (South Carolina) संयुक्त राज्य अमरीका के पूर्वी राज्यों में से एक है। इसके उत्तर में उत्तरी कैरोलाइना, पश्चिम-दक्षिण में जार्जिया तथा पूर्व में ऐटलैंटिक महासागर स्थित हैं। राज्य का क्षेत्रफल १,०५५ वर्ग मील तथा जनसंख्या २३,८२,५९४ (१९६१) है। यहाँ के संपूर्ण क्षेत्रफल में से लगभग ७८३ वर्ग मील जलीय है। १९५० ई. से १९६० ई. की अवधि में यहाँ की जनसंख्या में १२.५% की वृद्धि हुई है। यहाँ प्रति वर्ग मील जनसंख्या का घनत्व ७८.७ है। यहाँ की जनसंख्या में १५,५१,०२२ (श्वेत), ८,२९,२९१ (नीग्रो), १,०९८ (भारतीय) तथा ९४६ एशिया की अन्य जातियाँ सम्मिलित हैं।

इस राज्य को मुख्यत: तीन प्राकृतिक विभागों में विभक्त किया जा सकता है: (१) उत्तरी पहाड़ी पठारी प्रदेश, (२) मैदानी भाग तथा (३) दलदली एवं जलीय भाग।

साउथ कैरोलाइना कृषि एवं निर्माण उद्योगों के लिए प्रसिद्ध है। उत्तरी पहाड़ी प्रदेश जंगलों से ढँका होने के कारण लकड़ी व्यवसाय के लिए महत्वपूर्ण है। यहाँ के मुख्य खनिज केओलिन मिट्टी तथा इल्मेनाइट हैं। सन् १९५९ में यहाँ कृषि फार्मों की संख्या ७८,१७२ थी जिनका क्षेत्रफल ९१,४८,७४२ एकड़ था। औसत फार्म लगभग ११७ एकड़ के हैं। यहाँ की प्रमुख फसल कपास, धान, तंबाकू तथा मक्का है। जलविद्युत का विकास सैंटी (Santee) नदी पर बाँध बनाकर किया गया है, जहाँ इस राज्य की संपूर्ण जलविद्युत का ८५ प्रतिशत उत्पन्न किया जाता है।

कोलंबिया यहाँ की राजधानी है। अन्य प्रमुख नगर ग्रीनवील, चार्ल्सटन, स्पार्टनवर्ग हैं। [भपेंद्रकांत राय]