साइप्रस (Cyprus) स्थिति: ३४३३से ३५४१उ. अ. तथा ३२२०से ३४३५पू. दे.। भूमध्यसागर में स्थित बड़े द्वीपों में साइप्रस का तीसरा स्थान है। इसका क्षेत्रफल ३,५७२ वर्ग मील है तथा इसकी अधिकतम लंबाई १४१ मील और अधिकतम चौड़ाई ६० मील है।

इस द्वीप का अधिक भाग पहाड़ी है जिसकी ढाल पश्चिम से पूर्व की ओर है। यहाँ का ओलंपस पर्वत प्राचीन काल से ही प्रसिद्ध है। इस पहाड़ का सबसे ऊँचा भाग ६,४०६ फुट ऊँचा है, जो माउंट ट्रोडोस के नाम से विख्यात है। यहाँ की नदियाँ अत्यंत छोटी हैं तथा प्रमुख नदियाँ पेडियास एवं यालिस हैं। ये दोनों नदियाँ समांतर बहती हैं। पश्चिमी ढाल पर अत्यधिक वर्षा होने के कारण कभी-कभी इन नदियों में पानी का अभाव हो जाता है, क्योंकि ये नदियाँ पूर्वी ढाल से निकलती हैं, जो वर्षाछाया क्षेत्र है। इन नदियों के मैदान में दलदली भाग अधिक हैं जिससे यहाँ मलेरिया का प्रकोप रहता है।

यहाँ का अधिकतम ताप २५.५ सें. और न्यूनतम ताप १५ सें. है। अक्टूबर से मार्च तक में २० इंच वर्षा होती है। यहाँ की आबादी में तुर्क एवं यूनानियों की संख्या अधिक है। यहाँ की जनसंख्या ९१,००० (१९६२) है। गेहूँ, जौ, जई (oat) के अतिरिक्त फलों की खेती यहाँ व्यवस्थित रूप से की जाती है। नारंगी, अंगूर, अनार, तथा जैतून मुख्य फल हैं जिनकी खेती यहाँ होती है।

यहाँ से लोहा, ताँबा, ऐस्बेस्टॉस और जिप्सम का निर्यात होता है। यहाँ कुल १,१०० मील लंबे पक्के राजमार्ग तथा २,९०० मील लंबी कच्ची सड़कें हैं। देश में यातायात का कोई समुचित प्रबंध नहीं है। साइप्रस के तीन प्रमुख बंदरगाह तथा नगर फामागुस्टा, लिनासॉल और लारनाका हैं। निकोसिया का हवाई अड्डा बहुत महत्वपूर्ण हैं। निकोसिया यहाँ की राजधानी है। [भपेंद्रकांत राय]