साइगॉन स्थिति: ११उ. अ. और १०७पू. दे । यह नगर एशिया के दक्षिण भाग में साइगॉन नदी पर स्थित है तथा दक्षिण वियतनाम की राजधानी है। मानसूनी जलवायु के अंतर्गत होने से यहाँ की जलवायु गरम है और वर्षा मानसूनी हवाओं से होती है। साइगॉन मेकांग नदी के उपजाऊ डेल्टा के निकट समुद्र से ४० मील भीतर साइगॉन नदी पर स्थित होने के कारण औद्योगिकश् एवं व्यापारिक नगर बन गया है। यहाँ ऑक्सीजन, कारबोलिक अम्ल, शराब, सिगरेट, दियासलाई, साबुन, साइकिल, चीनी, आदि का निर्माण होता है। यहाँ से चावल, मछली, कपास, रबर, चमड़ा, गोलमिर्च, खोपरा, गोंद, इमारती लकड़ी आदि का निर्यात होता है। यह रेल द्वारा टोनले सेप और मेकांग नदियों के संगम के ठीक नीचे स्थित नीम पेन्ह नामक प्रसिद्ध नगर से मिला हुआ है। उपर्युक्त सुविधाओं के कारण साइगॉन की जनसंख्या अधिक घनी हो गई है। साइगॉन सुंदर नगर है। सड़कों पर वृक्ष बड़े सुंदर ढंग से लगे हुए हैं। यहाँ की इमारतें, उद्यान, काफे और होटल बड़े आकर्षक हैं। इन कारणों से इसे पूर्वी देशों का पैरिस कहा जाता है। [रामसहाय खरे]