सहारनपुर १. जिला, यह भारत के उत्तर प्रदेश राज्य का जिला है, जिसका क्षेत्रफल २.१३२ वर्ग मील है। इस जिले के उत्तर में शिवालिक पहाड़ियाँ, पूर्व में गंगा नदी, दक्षिण में मुजफ्फरनगर जिला तथा पश्चिम में यमुना नदी है। यह जिला दोआब का सुदूर उत्तरवर्ती जिला है। यमुना एवं गंगा नदी के अतिरिक्त हिंदान एवं सोलानी जिले की अन्य प्रमुख नदियाँ हैं। जिले की प्रमुख फसलें हैं गेहूँ, जौ तथा गन्ना। भारत के स्वतंत्र होने के पश्चात् जिले का औद्योगिक उत्थान हुआ है। ऋषिकेश में ऐंटिबाओटिक कारखाने की स्थापना हाल में ही हुई है। कपास ओटना, सूती वस्त्र बनाना तथा लकड़ी पर नक्काशी करना, जिले के अन्य उद्योग हैं। रुड़की, सहारनपुर एवं हरिद्वार जिले के प्रमुख नगर हैं। जिले में रूड़की तथा गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय हैं।

नगर, स्थिति: २९५७उ. अ. तथा ७७३३पू. दे। दिल्ली से लगभग १०० मील उत्तर-पूर्व में सहारनपुर जिले का यह प्रशासनिक केंद्र धमीला नदी के दोनों किनारे पर स्थित है। पंधोड़ नदी भी नगर से होकर गुजरती है। यहाँ उत्तरी रेलवे का वर्कशॉप है तथा प्रसिद्ध रेलवे जंक्शन भी हैं। यह गेहूँ की प्रमुख मंडी है। यहाँ एक महाविद्यालय है। [अजितनारायण मेहरोत्रा]