इप्सविच इंग्लैंड के सफ़ोक प्रदेश में ओरवेल नदी के तट पर स्थित एक नगर तथा बंदरगाह (नदी पर) है। यह नगर हारविच से १० मील और लंदन से ६८ मील उत्तर पूर्व में हैं। सन् १९५१ ई. में इस नगर का क्षेत्रफल ८,७४६ एकड़ था। नगर के प्राचीन भाग की सड़कें बहुत ही सँकरी तथा टेढ़ी मेढ़ी हैं। इस भाग के कुछ भवन विचित्र पच्चीकारियों से अलंकृत हैं। यहाँ गिरजाघरों का बाहुल्य है। रोमन काल में यह रोमनों की एक बस्ती रहा है जिसके भग्नावशेष विद्यमान हैं। सन् ९९१ और १,००० ई. में डेनों द्वारा यह नष्ट-भ्रष्ट किया गया। आधुनिक नगर एक अच्छा औद्योगिक केंद्र है जहाँ रेलों के पुर्जे ,कृषि के यंत्र तथा औजार, बिजली के सामान, धातु, चीनी इत्यादि का उत्पादन होता है। नगर की सन् १९७० ई. अनुमानित जनसंख्या १,२१,९३० रही। (श्या.सुं.श.)