आवर्न पूर्वकाल में फ्रांस का एक प्रांत था, परंतु अब कैंटल, पुई-डी-डोम और हौट ल्वायर विभागों के अतंर्गत है। इसकी प्राचीन और वर्तमान राजधनियां क्रमश: क्लेरमांट और क्लेरमांट-फेरंड हैं। 'आवर्न' शब्द की उत्पत्ति आवर्नी से हुई है। आवर्नी रोमन काल में एक जातिसमुदाय था, जिसकी प्रभुता अक्वीटानिया के अधिकांश पर फैली हुई थी। इस समुदाय ने जूलिएस सीज़र के विरुद्ध युद्ध में भाग लिया था। आवर्न १५३२ ई. में स्थायी रूप से फ्रांसीसी राजसत्ता के अधीन आ गया।

यहाँ स्थित पर्वत अधिकतर ज्वालामुखी हैं। महत्वपूर्ण पर्वतशिखर मांट डोर (ऊँचाई ६,१८८ फुट), प्लंब डी कैंटल (ऊँचाई ६,०९६) फुट और पुई-डी-डोम (ऊँचाई ४,८०६ फुट) हैं। यहां के सुप्त ज्वालामुखियों की संख्या लगभग ३०० हैं। यहाँ विस्तृत चरागाह और औषधीय सोते (धाराएँ) भी हैं। (रा.ना.मा.)