आल्फांसो प्रथम (११०४-११३४) अरागान का राजा, लेऑन और कास्तिलों का ७वां राजा तथा एक विख्यात योद्धा। मूरों और ईसाइयों से इसने जीवन में २९ लड़ाइयाँ लड़ीं। दो राज्यों को मिलाने और उनको युद्ध में योग्य सेनानायक देने के विचार से आल्फांसो षष्ठ द्वारा बारगंडी की रेमोड की विधवा ऊर्राका के साथ उसका विवाह किया गया। ऊर्राका कास्तिल की रानी थी। लेकिन उसके साध्वी न होने से आल्फांसो प्रथम के लिए यह विवाह सुखकर नहीं हुआ। पति पत्नी परस्पर खूब लड़ते थे। यह लड़ाई घर तक ही सीमित नहीं रही। दोनों की सेनाओं के मध्य भी लड़ाई हुई और इसमें आल्फांसो विजयी हुआ।
ऊर्राका आल्फांसो प्रथम की रिश्ते में चचेरी बहन लगती थी। अत: पोप ने यह शादी रद्द कर दी। इससे राजा की चर्च से लड़ाई छिड़ गई। आर्च बिशप बर्नाड को इसने राज्य से निर्वासित कर दिया। पत्नी के राज्य के लोगों ने इसको राजा नहीं माना, इसलिए सेना से भी वह लड़ा। किंतु इसे अपनी पत्नी के पुत्र को पत्नी का राज्य देना पड़ा।
आल्फांसो जीवन भर लड़ता रहा। लड़ने में ही वह आनंद मानता था। १११८ में मूरों की सेना को सारागोसा में, पुन: ११२५-२६ में वालोशिया और गांवाड़ा में हराया। लेकिन मृत्यु से पहले व्रागाम में मूरों से एक बार उसे हारना पड़ा। (अ.कु.वि.)