आलमगीर द्वितीय मुगल सम्राट् जिनका असली नाम आजिजुद्दीन था। ये सम्राट् जहांदारशाह के पुत्र थे। इनका जन्म सन् १६८८ ई. में हुआ था। २ जून, सन् १७५४ ई. के दिन ये वज़ीर इमादुल्मुल्क गाज़ीउद्दीन खां की सहायता से सिंहासन पर बैठे और मुहम्मदशाह के पुत्र अहमद को कैद कर लिया गया। ये केवल पांच वर्ष तक शासनारूढ़ रहे। वज़ीर इमादुल्मुल्क गाज़ीउद्दीन ने २९ नवंबर, १७५९ को इनका कत्ल करवा दिया। सम्राट् हुमायूं की कब्र के समीप इन्हें दफनाया गया। शाह आलम (अलीगौहर) इनका पुत्र था। (कै.चं.श.)