सफ़क (Suffolk) इंग्लैंड के दक्षिणी पूर्वी भाग में एक काउंटी है, जिसका क्षेत्रफल १४८१.७ वर्ग मील है। यह लगभग समतल भाग है, जो पश्चिम में खड़िया (chalk) की पहाड़ियों की ओर कुछ ऊँचा हो गया है। इस काउंटी में गेहूँ, जौ एवं तराकारियाँ उगाई जाती हैं। सूअर, भेड़ और घोड़ों का पालना एवं दुग्ध उद्योग प्रधान व्यवसाय हैं। उत्तरी सागर में लोवस्टाफ (Lowestoft) नामक स्थान मछली मारने का प्रसिद्ध केंद्र है। आरफर्ड आरवेल नदियों के संगम पर आयस्टर मछलियाँ मारी जाती हैं। उर्वरक, रजक, प्लास्टिक, धातु एवं मुद्रण उद्योग तथा कृषि-यंत्र-निर्माण महत्वपूर्ण उद्योग धंधे हैं। बर्घ (Burgh) नामक किले एवं कई अन्य चिन्हों से ऐसा प्रतीत होता है कि कभी सफ़क रोमन शासन के अधीन रहा था। इप्सविच, लोवस्टाफ, फीलिवसस्टो, सडबरी, न्यूमार्केंट एवं फ्रेमलिंथम महत्वपूर्ण नगर हैं।
प्रशासकीय कार्यों के लिए सफ़क को दो विभागों में विभक्त कर दिया गया है : पूर्वी सफ़क एवं पश्चिमी सफ़क। पूर्वी सफ़क का क्षेत्रफल ८७०.९ वर्ग मील है एवं पश्चिमी सफ़क का क्षेत्रफल ६१०.८ वर्ग मील है। (राजेंद्र प्रसाद सिंह)