श्रीनगर १. जिला, यह भारत के जम्मू एवं कश्मीर राज्य का जिला है जिसका क्षेत्रफल ३,१२०.७५ वर्ग किमी. है। इसके उत्तर में बारमूला, उत्तरपूर्व में लद्दाख, दक्षिण-पूर्व एवं दक्षिण में अनंतनाग तथा पचिम में पूंछ जिले स्थित हैं। जिले में नाशपाती, अखरोट, केसर आदि उत्पन्न किए जाते हैं और शहद इकट्ठा किया जाता है।

२. नगर, स्थिति : ३४ ६० उ. अ. तथा ७१ ५१ पू. दे.। यह श्रीनगर जिले में स्थित जम्मू एवं कश्मीर राज्य की राजधानी है, जो श्रीनगर घाटी में, झेलम नदी के दोनों किनारों पर, दो मील की लंबाई में एवं सागर तल से लगभग ५,२५० फुट की ऊँचाई पर स्थित है। शहर के दोनों भाग लकड़ी के लगभग आठ पुलों द्वारा आपस में संबद्ध हैं। यह नगर अपनी नैसर्गिक छटा, प्राकृतिक झरनों, डल झील तथा शालीमार, निशात आदि रमणीक उद्यानों के कारण प्रसिद्ध शैलावास (hill station) बन गया है। आग तथा बाढ़ के कारण नगर को कई बार क्षति भी उठानी पड़ी है। यहाँ शाल, कालीन एवं रेशमी कपड़ा बनाने, चाँदी तथा ताँबे का काम, लकड़ी पर नक्काशी, चमड़ा एवं कागज उद्योग और गुलाबों से इत्र निकालने का काम होता है। (शां. ला. का.)

पौराणिक, धार्मिक महत्व - कश्मीर की वर्तमान राजधानी। इसके निकट पौड़ी में अष्टावक्र मुनि ने तपस्या की थी। पुराणों के अनुसार यहाँ अग्नि ने शिव की तपस्या करके उन्हें प्रसन्न किया था। श्रीनगर में गुंबदयुक्त बारहदरी के अंदर कमलेश्वर का मंदिर है। कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी को यहाँ मेला लगता है। इसके अतिरिक्त श्रीनगर में नागेश्वर, अष्टावक्र महादेव और राजराजेश्वरी के मंदिर हैं।