शिमोगा १. जिला, यह भारत के कर्नाटक राज्य में स्थित है। इस जिले का क्षेत्रफल ४,०६५ वर्ग मील तथा जनसंख्या १०, १७, ३६८ (१९६१) है। जिले का पश्चिमी अर्धभाग पहाड़ी है और जंगलों से घिरा हुआ है। कुछ चोटियाँ समुद्रतल से ४,००० फुट ऊँची हैं। जिले की सामान्य ढलान २,००० फुट है और इसका पूर्वी भाग मैदानी है। जिले में मैंगनीज़, लोहा तथा लैटराइट की खानें हैं। पहाड़ी भाग की मिट्टी बलुई और ढीली है। उत्तर पूर्व में काली मिट्टी मिलती है। जिले की जलवायु विभिन्न प्रकार की है। शिमोगा में घाटों से २५ मील दूर तक जोरदार वर्षा होती है, पर शिमोगा स्टेशन पर ३५ इंच और चेन्नागिरी में २५ इंच वर्षा होती है। जिले की प्रमुख फसल धान है। गन्ना तथा सुपारी अन्य प्रमुख फसलें हैं। फल, सब्जी और काली मिर्च की भी यहाँ खेती होती है।

२. नगर, स्थिति : १३५७ उ.अ. तथा ७५३२ पू.दे.। यह उपर्युक्त जिले का मुख्यालय है और तुंग नदी के किनारे स्थित हैं। यहाँ कपास से बिनौला निकालने तथा रूई की गाँठ बाँधने के कारखाने हैं। इनके अतिरिक्त लोहे और इस्पात के कारखाने भी हैं। नगर की जनसंख्या ६३,७६४ (१९६१) है। (अजित नारायण मेहरोत्रा)