शिंजिआंग (Sinkiang) चीनी भाषा में इसका अर्थ है नवीन राज्य। सुदूर उत्तर-पश्चिम में यह चीन का सबसे बड़ा स्वायत्तशासी क्षेत्र है। इस क्षेत्र का क्षेत्रफल १६,४६,८०० वर्ग किलोमटर, जनसंख्या ५६,४०,००० तथा राजधानी ऊरूमची है। यह स्वायत्तशासी क्षेत्र तिऐनशान पर्वतशृंखला द्वारा दो असमान विभागों में बँट गया है : पहला जुंगारिया पठार के उत्तर में, और दूसरा दारीम (Tarim) बेसिन के दक्षिण में, जिसमें ताक्लामाकान मरुभूमि भी सम्मिलित है। यहाँ की नदियाँ पहाड़ों से निकलकर नमकीन झीलों में मिल जाती हैं, समुद्र तक नहीं पहुंचतीं। दारीम नदी सबसे लंबी नदी है। केवल ब्लेक इरतिश नदी का पानी समुद्र में पहुँचता है। यहाँ की जलवायु सूखी और महादेशीय है। मरुभूमि भागों के लोग खानाबदोशों का जीवन व्यतीत करते हैं। पहाड़ी नदियों की घाटियों में कपास, गेहूँ, धान, मक्का, फल आदि की उपज होती है। (पुष्पा कपूर)