शाहाबाद स्थिति : २४ ३१ से २५ ४६ उ. अ. तथा ८३ १९ से ८४ ५१ पू. दे.। बिहार के पटना डिवीजन का एक जिला है। इसका क्षेत्रफल ४,४०८ वर्ग मील है एवं जनसंख्या ३२,१८,०१७ (१९६१) है। धरातल के दृष्टिकोण से जिले को दो भागों में बाँटा जा सकता है : (१) कैमूर पठार दक्षिण में एक चौथाई भाग में है। इनकी औसत ऊँचाई १,००० से १,५०० फुट है, (२) मैदानी भाग बाकी तीन चौथाई भाग में फैला है। इसकी ढाल दक्षिण से उत्तर की ओर है। कर्मनाशा, दुर्गावत तथा कुदरा मुख्य नदियाँ हैं, जो पठार से निकलती हैं। पूरब में सोन नदी तथा उत्तर में गंगा नदी जिले की सीमा निर्धारित करनी हैं। इस किले की धान, गेहूँ, चना, खेसारी, ईख आदि प्रधान फसलें हैं। सोन नदी से निकाली गई नहरों द्वारा यहाँ सिंचाई होती है, जिससे यह जिला खाद्यान्न के लिए अधिक महत्वपूर्ण है। यहाँ सीमेंट, कागज, चीनी आदि के कारखाने हैं, जो प्रधानत: डालमियानगर में केंद्रित हैं। आरा इस किले का प्रशासनिक नगर है जिसकी जनसंख्या ७६,७६६ (१९६१) है। (जगदीश सिंह)