शास्त्री, वी. एस. श्रीनिवास (१८६९-१९४६) भारतीय समाजनेता। वालिगमन (मद्रास) के एक गरीब ब्राह्मण परिवार में इनका जन्म हुआ था। स्कूलमास्टर के रूप में जीवन प्रारंभ। शुरु से ही जीवन की सामाजिक समस्याओं में अभिरुचि होने के कारण गोपालकृष्ण गोखले द्वारा संस्थापित सर्वेट्स ऑव इंडिया नामक संस्था के सदस्य बन गए। संस्था के उद्देश्यों की पूर्ति में उनकी लगन देखकर गोखले ने इस संस्था की अध्यक्षता के लिए अपने बाद इन्हीं को चुना। सन् १९१६ में वे वाइसराय की विधान परिषद् में आए। मांटेग-चेम्सफोर्ड सुधार आयोग की योजना कार्यान्वित होने के बाद वे नई काउंसिल ऑव स्टेट के सदस्य चुने गए। १९२१ की रेलवे समिति में भी उन्हें शामिल किया गया। अपने समय के सबसे अधिक कुशल वक्ता होने के कारण अंतरराष्ट्रीय संस्था लीग ऑव नेशंस में भारत का प्रतिनिधित्व किया। प्रिवी काउंसिल में शामिल होनेवाले वे तीसरे भारतीय थे। १९२७ में सरकार ने उन्हें दक्षिण अफ्रीका में एजेंट नियुक्त किया। लंदन की गोल मेज परिषद् की पहली बैठक के वे सक्रिय सदस्य थे। (मुद्रा राक्षस)