शांसी (Shansi) प्रांत, स्थिति : ३८ २० उ. अ. तथा ११२ पू. दे.। चीनी भाषा में शांसी, पहाड़ों के पश्चिम, ६०,३९३ वर्ग मील तथा लगभग एक करोड़ जनसंख्यावाला एक प्रांत है। इसकी राजधानी यांगचु या ताइयुआन है। इसके पश्चिम में शेंसी, दक्षिण और दक्षिण पूर्व में होनैन तथा पूर्व और पूर्व उत्तर में होपे प्रांत एवं उत्तर में इनर मंगोलिया क्षेत्र है। शांसी पीली मिट्टी (लोयस) से ढँका पठार है। इसकी औसत ऊँचाई १,००० फुट है। फन नदी इस प्रांत को दो भागों में बाँटती है। शांसी की जलवायु महादेशीय है। ताडयुआन तथा लिनफेन झीलों की घाटियों में गेहूँ, जौ, मक्का, कपास आदि की खेती होती है। पूरे प्रांत में, धरातल के नीचे कोयले की समांतर, मोटी परतें हैं। (पुष्पा कपूर)