वियना स्थिति: ४८ १२ उ. अ. तथा १६ २५ पू. दे.। यह नगर ऑस्ट्रिया की राजधानी है तथा बीनर वाल्ड के पूर्वी पद पर डैन्यूब नदी के दाहिने किनारे पर समुद्रतल से ५५० फुट की ऊँचाई पर बसा है। जलवायु स्वास्थप्रद है। वार्षिक औसत ताप ९ से. तथा वार्षिक वर्षा २७ इंच है। नगर एक प्रसिद्ध औद्योगिक, व्यापारिक एवं राजनीतिक केंद्र है। कलात्मक सुंदर वस्तुएँ, चमड़ा, गहना, रेशम, अन्य कपड़ा, स्त्रियों की टोपी एवं अन्य विलासिता की वस्तुओं के लिए यह प्रमुख स्थान रखता है। इसके अतिरिक्त दृष्टि संबंधी यंत्र, पीतल के तार, लोहे एवं इस्पात की भारी मशीनें, फर्नीचर, कागज तथा रासायनिक पदार्थ भी यहाँ बनते हैं। फिल्म उद्योग भी यहाँ है। यहाँ के अजायबघर, पुस्तकालय तथा कला, संगीत एवं विज्ञान के केंद्र अनूठे हैं। सुंदर भवन, उद्यान एवं सड़कों से युक्त यह नगर स्वयं गृहशिल्प का अजायबघर है। इसकी जनसंख्या १६,२७,०३४ (१९६१) है। (सुरेश चंद्र शर्मा)