वियतनाम (Vietnam) इंडोचीन का एक राज्य था, जिसके अंतर्गत तीन फ्रांसीसी अधीन राज्य थे : तॉङ्िकङ् (Tonking), अनाम (Annam) तथा कोचीनचीन। १९४९ ई. में पूर्व सम्मिलित तॉङ्िकङ् तथा अनाम के साथ कोचीनचीन के मिलने से वियतनाम बना था। गृहयुद्ध के कारण जुलाई, १९५४ ई. में जेनेवा (Geneva) में हुए समझौते के अनुसार वियतनाम, कम्युनिस्ट शासित उत्तरी वियतनाम, तथा राजा द्वारा शासित दक्षिणी वियतनाम में, राजनीतिक रूप से विभाजित हो गया। मई, १९६५ से कम्युनिस्ट शासित उत्तरी वियतनाम द्वारा दक्षिणी वियतनाम की संप्रभुता के प्रति सशस्त्र विरोध किया जा रहा है।

उत्तरी वियतनाम

स्थिति : १७ से २३ उ. अ. तथा १०२ १५ से १०८ पू. दे.। इस लोकतंत्रात्मक गणतंत्र (Democratic republic) की जनसंख्या १,५९,०३,००० (१९६०) तथा क्षेत्रफल १,५५,२०३ वर्ग किलोमीटर है। यह इंडोचीन प्रायद्वीप के उत्तर-पूर्वी भाग में स्थित है। इसके उत्तर में साम्यवादीचीन, १७वें समांतर के दक्षिण में दक्षिणी वियतनाम, पश्चिम में लॉओस तथा पूर्व में दक्षिणी चीनी सागर है। अनामाइट कार्दियेरा (AnnamiteCordillera) एकमात्र पर्वतशृंखला है, जो पश्चिमी सीमांत के साथ साथ फैली हुई है। अनाम में जहाँ दक्षिणी और उत्तरी वियतनाम की सीमाएँ मिलती हैं, वहाँ पर्वत समुद्र के समीप है। तॉङ्िकङ प्रदेश में सम्मिलित लाल नदी का डेल्टा वियतनाम का घना आबाद क्षेत्र है। यहाँ जनसंख्या का घनत्व ५७५ व्यक्ति प्रति वर्ग किमी. है। यह डेल्टा समुद्रतल से ३ मीटर से कम ऊँचा है। उत्तरी तॉङ्िकङ का उच्च भूभाग आग्नेय पर्वतों और बलुआ पत्थर या चूनापत्थर के पठारों से बना है। लाल नदी प्रमुख नदी है, जिसकी लंबाई लगभग ८०० किमी. है। लाल नदी को कॉय (Coi) साँङकाय (Songikoi) भी कहते हैं।

उत्तरी वियतनाम में वर्षा मध्य अप्रैल से मध्य अक्टूबर तक होती है। सर्वाधिक वर्षा जुलाई और अगस्त में होती है। राजधानी हनोइ में औसत वार्षिक वर्षा ६८ इंच होती है। अनामाइट कार्दियेरा क्षेत्र में औसत वार्षिक वर्षा १६० इंच से अधिक होती है। डेल्टा क्षेत्र के दैनिक ताप में पर्यात उतार चढ़ाव रहता है। हनोइ का औसत ताप जून में २५ सें. तथा जनवरी में १७ सें. रहता है। जुलाई से नवंबर तक टाइफून (typhoon) की ऋतु रहती है।

तॉङ्िकङ् क्षेत्र के पर्वत तथा अनामाइट कार्दियेरा की विशेषता उष्ण कटिबंधी वर्षावाले जंगल हैं, जिनमें बड़ा भाग मानसूनी वर्षा वाले जंगलों का है। पश्चिमी तॉङ्िकङ के पर्वतीय क्षेत्र में चीड़ के जंगल हैं। स्थानांतरी कृषि गौण जंगलों के अनेक भागों में फलीभूत हुई है। ट्रोन (Tron) घास दूर दूर तक फैली हुई है। मेंग्रोव जंगल तॉङ्िकङ् डेल्टा के तटीय भाग में है। हरिण, भैंस, जंगली साँड़, हाथी, बाघ और तेंदुआ पर्वतीय क्षेत्र में पाए जाते हैं। तटीय तथा अंतर्देशीय जल में मछलियों का बाहुल्य है। पक्षियों और कीटों की अनेक जातियाँ यहाँ पाई जाती हैं।

उत्तरी वियतनाम की कृषि सामूहिकीकरण के उच्च स्तर पर पहुँच गई है। १९६२ ई. में ८८ प्रतिशत कृषकों ने सहकारिता को अपना लिया था। लगभग ३०,००,००० हेक्टेयर भूभाग पर कृषि होती है, जिसमें से २०,००,००० हेक्टेयर पर सरकार के ५५ फार्म हैं। अधिकांश भूभाग पर धान की खेती होती है। लाल नदी के डेल्टा में तथा अनाम के तट के किनारे के डेल्टाओं में वर्ष में धान की दो फसलें होती हैं। कुछ क्षेत्रों में वर्ष में धान की तीन फसलें होती हैं। मक्का, शकरकंद, गन्ना, कपास, मूंगफली (peanut), जूट, चाय, कॉफी, सोयाबीन और रबर अन्य फसलें हैं।

भारवाही पशुओं (draft animal) के पालन का कार्य यहाँ होता है। थान हो (Than Hoa) और उत्तर-पश्चिमी पहाड़ी क्षेत्र पशुपालन के प्रमुख केंद्र हैं। मछली मारना यहाँ का प्रमुख व्यवसाय है। इमारती लकड़ियों के अतिरिक्त बाँस, रेज़िन और लैकर (lacquer) जंगल से प्राप्त होनेवाले उत्पाद हैं।

ऐंआसाइट कोयला, टिन, क्रोमियम ऐपाटाइट तथा फ़ॉस्फ़ेट मुख्य खनिज हैं। यूरेनियम फ़ॉस्फ़ेट तथा टंग्स्टन भी उत्तरी वियतनाम में मिलते हैं।

देश के महत्वपूर्ण औद्योगिक संस्थानों में से ५७.६ प्रतिशत सरकारी संस्थान हैं जिनके अंतर्गत कोयला, टिन, क्रोमियम तथा अन्य खानें, हनोइ स्थित इंजीनियरी निर्माणशाला, विद्युत् केंद्र और तंबाकू, चाय, एवं डिब्बाबंदी के आधुनिक कारखाने हैं। सीमेंट, सूती वस्त्र, दियासलाई तथा कागज निर्माण अन्य प्रमुख उद्योग है। १९६३ ई. से इस्पात का उत्पादन भी प्रारंभ हो गया है।

हनोइ स्थित उत्तरी वियतनामी राष्ट्रीय पुस्तकालय तथा राष्ट्रीय संग्रहालय वियतनाम की दर्शनीय संस्थाएँ हैं। युनिवर्सिटी ऑव हनोइ एकमात्र विश्वविद्यालय है। १० वर्ष तक की आयु के बालकों के लिए अनिवार्य शिक्षा का प्रबंध है।

राजधानी हनोइ (६,४३,५७६) के अतिरिक्त हाइफॉङ (३,६९,२४८) नाम डिन्य (Nam Dinh) तथा विन्य (Vinh) तथा प्रमुख नगर है। निम्न भूमि पर निवास जनसंख्या का ८५.१ प्रतिशत थाई एवं चीनी जातियों का मिश्रण है। उत्तरी वियतनाम के ७० प्रतिशत भूभाग में पहाड़ी जाति थाई, चीनी, मोनकमेर (Mon Khmer) और मलाया-पॉलिनेशिया जाति के लोग निवास करते हैं। यहाँ की प्रमुख भाषा वियतनामी है।

नदियों का उपयोग परिवहन के लिए अधिक किया जाता है। रेल की लाइन ८४० किमी. लंबी है और १३,४४० किमी. लंबी सड़कें हैं। अंतर्देशीय वायुसेवाएँ हैं और पीकिंग के लिए सीधी वायुसेवा है।

दक्षिणी वियतनाम

स्थिति : ८ ३० से १७ उ. अ. तथा १०४ ३० से १९ ३० पू. दे.। यह गणतंत्र स्याम की खाड़ी एवं दक्षिणी चीनी सागर के मध्य में फैले हुए इंडोचीन के निम्न पूर्वी पार्श्व पर स्थित है। उत्तरी वियतनाम से यह १७वीं समांतर द्वारा पृथक् है। इसका क्षेत्रफल १,७१,६६५ वर्ग किमी. तथा जनसंख्या १,४२,७५,३०० (१९६२) है। आबादी का घनत्व ७३ व्यक्ति प्रति वर्ग किलोमीटर है। दक्षिणी वियतनाम के पूर्व और दक्षिण में दक्षिणी चीनी सागर, पश्चिम में लाओस तथा कंबोडिया एवं उत्तर में उत्तरी वियतनाम है। यहाँ की प्रमुख भाषा वियतनामी है। मेकांग यहां की प्रमुख नदी है, जिसकी लंबाई ४,१६० किमी. है।

मेकांग नदी का डेल्टा पनोम पेन्य (Phonon Penh) के समीप से आरंभ होता है और दो मुख्य भागों में बँट जाता है। यह डेल्टा और निकटवर्ती वाइको साइगॉन डेल्टा नदीय बालू की अनियमित पट्टियों से युक्त चिकनी मिट्टी से बना है। दक्षिणी वियतनाम का दक्षिण-पश्चिमी खंड, कोचीन, चीन, मेकॉङ् ग डेल्टा में ही है और यह डेल्टा विश्व के प्रमुख धान उत्पादक क्षेत्रों में से एक है। दक्षिणी मध्यभाग का अधिकांश पठारी है।

यहाँ की जलवायु उष्णकटिबंधी है। राजधानी साइगॉन का ताप १८ सें. से लेकर ३३ सें. तक जाता है। वर्षा ऋतु मई से नवंबर तक रहती है। हुए (Hue) की वार्षिक वर्षा का औसत लगभग २९५ सेमी है तथा साइगॉन की वार्षिक वर्षा का औसत लगभग २४६ सेमी है। संपूर्ण देश की औसत वार्षिक वर्षा लगभ १९८ सेमी है। पूर्वी तटीय क्षेत्र, उत्तरी तथा उत्तरी मध्य भाग में बार बार टाइफून आते हैं, जिनके कारण भयावह बाढ़ आती है।

दक्षिणी वियतनाम में ऊष्ण कटिबंधी सदाबहार वृक्ष तथा चीड़ के जंगल प्रचुर हैं। कोचीनचीन क्षेत्र में सवाना (Savannah) अत्यधिक है उष्णकटिबंधी घास ट्रान (Tranh) दूर दूर तक फैली हुई है। दक्षिण पश्चिम में तट के साथ साथ मैंग्रोव (mangrove) के जंगल हैं। हरिण, भैंस, जंगली, साँड़, हाथी, बाघ और तेंदुआ पर्वतीय क्षेत्र में रहते हैं। तटीय जल और अंतर्देशीय जल में मछलियों की बहुतायत है।

दक्षिणी वियतनाम की ८० प्रतिशत जनसंख्या कृषि पर निर्भर करती है। वर्ष के छह महीने भारी वर्षा होती है और शेष के छह महीने सूखे रहते हैं। अत: साल में केवल एक फसल मिलती है।

सिंचाई की समस्या को हल करने के लिए सिंचाई के साधनों को विकसित किया जा रहा है। देश की प्रमुख फसलें हैं : धान और रबर। अन्य कृषि उत्पाद हैं : सेमल की रुई, गरी, शकरकंद, काली मिर्च, मंडशिफ (manioc), चीनी, तंबाकू, चाय, कॉफी, मूँगफली, मक्का, तिलहन और कुनैन। रैमी (ramie) और केनैफ, जो जाल, बोरा इत्यादि बनाने के काम आते हैं, अन्य उत्पाद हैं।

यहाँ कोयले, सोने तथा नमक की कुछ खानें हैं। काँचबालू, मालिब्डेनेम, सीस, बिस्मथ, ताँबा तथा फ़ॉस्फ़ेट के निक्षेप भी इस देश में है। कुटीर उद्योग दक्षिणी वियतनाम के उद्योग की विशेषता है। प्रमुख कुटीर उद्योग हैं : चमड़ा, चंदन, साबुन, कागज, ईटं, खपरैल, दियासलाई, चीनी, ऑक्सीजन, ऐसिटिलीन, कार्बन डाइऑक्साइड, ऐल्कोहॉल, चावल, तंबाकू, बीयर, नमक, और सूती वस्त्र।

साइगॉन (१४,३१,००० सन् १९६२) दक्षिणी वियतनाम की राजधानी तथा दक्षिण पूर्वी एशिया के बड़े बंदरगाहों में से एक है। साइगॉन के अतिरिक्त अन्य प्रसिद्ध नगर हैं : ह्यू (१,०४,६००) तथा तूरॉन (Tourane) या दा नांग (Da Nong; 1,21,400)। गणतंत्र में १४८३.२ किमी. लंबी रेल लाइनें ११,५५२ किमी. लंबे मोटर मार्ग तथा ४,४०० किमी. लंबा जलमार्ग है। अंतर्देशीय, तथा कंबोडिया, लाओस, थाइलैंड एवं हांगकांग के लिए, वायुसेवा भी है।

सन् १९५४ में दक्षिण वियतनाम के स्वतंत्र होने पर सम्राट् बाओ डाइ (Bao Dai) ने शासनभार सँभाला। सन् १९५५ में सम्राट् को हटाकर गणतंत्रात्मक संविधान लागू हुआ। सन् १९६३ में सैनिक जुंता ने रक्तहीन राज्यक्रांति (coup d'etat) के द्वारा राष्ट्रपति डिएम (Diam) को पदच्युत कर उनके अधिनायकवाद को समाप्त कर दिया और सैनिक शासन की स्थापना की। अब यहाँ पुन: नागरिक शासन स्थापित हो गया है। संप्रति एन. वान थिव राष्ट्रपति हैं। (अजित नारायण मेहरोत्रा.)