आरेकीपा पेरू देश का तीसरा शहर तथा इसी नाम के प्रदेश की राजधानी है। यह समुद्रतल से ७,६०० फुट की ऊँचाई पर बसा है और मोलेंडी बंदरगाह से १०० मील दूर है। यह रायोचीली नदी की घाटी में दोनों किनारे पर बसा है तथा इसके पास ही एलमिस्ती नामक ज्वालामुखी पर्वत (ऊँचाई १९,१६७ फुट) है। १८६८ ई. के भूकंप में इस नगर को बहुत क्षति पहुँची। यह अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है तथा गोरी स्पैनिश जातिवालों की यहाँ बस्तियाँ हैं। यहाँ की जलवायु शुष्क है। गर्मी में पाँच छह इंच वर्षा होती है। धार्मिक तथा व्यावसायिक दृष्टि से दक्षिणी पेरू का मुख्य केंद्र है। यहाँ का विश्वविद्यालय १८२८ ई. में स्थापित हुआ था, जिसका नाम युनिवर्सिडैड नेशनल ड सैन आगस्टिन है। यहाँ ऊन साफ किया जाता तथा बाहर भेजा जाता है। यहाँ ऊन तथा कपास के सामान, चाकलेट और बिस्कुट के कारखाने, आटे की चक्कियाँ तथा मशीन बनाने के कारखाने हैं। पैन अमरीकी कंपनी के हवाई जहाज इसको लीमा, प्यूनो, मौलेंडो तथा अफ्रीका से संबद्ध करते हैं। यह अपने ठंडे तथा गर्म सोतों के लिए प्रसिद्ध है। १९७० ई. में इसकी आबादी ५,१८,३०० थी।

(नृ.कु.सिं.)