आरेंजबर्ग संयुक्त राज्य (अमरीका) के दक्षिणी कैरोलिना राज्य में आरेंजबर्ग जिले का मुख्य नगर है। यह नगर उत्तरी एडिस्टो नदी पर कोलंबिया नगर से ४७ मील दक्षिण-पूर्व और समुद्रतल से २६४ फुट की ऊँचाई पर अटलांटिक समुद्रतटीय मैदान में स्थित है। यह सड़क और रेलमार्गों द्वारा समीपवर्ती क्षेत्रों संबद्ध है। यह संयुक्त राज्य के एक महत्वपूर्ण कृषीय जिले का व्यापारिक और औद्योगिक केंद्र है। मुख्य उपज कपास, इमारती लकड़ी, अंडा और तरकारी है। यहाँ सूती कपड़े बुनने, कपास से बिलौले निकालने, वनस्पति तेल बनाने तथा लकड़ी चीरने इत्यादि के कारखाने हैं। यहाँ ५५ एकड़ क्षेत्रफल पर स्थित एडिस्टो उद्यान दर्शनीय है। यहाँ क्लैफिन विश्वविद्यालय (१८६९ में स्थापित) और राजकीय कृषि तथा शिल्प विद्यालय (१८९६ में स्थापित) दोनों नीग्रो लोगों के लिए हैं। इस नगर की स्थापना लगभग १७०० ई. में आरेंज के राजकुमार विलियम के नाम पर हुई।

(रा.ना.मा.)