आयडिन दक्षिण पश्चिमी तुर्की का एक प्रमुख नगर है, जो स्मरना से पूर्व-दक्षिण-पूर्व दिशा में ७० मील पर स्थित है। यहाँ से होकर स्मरना दिनेर रेलमार्ग जाता है। १३ वीं शताब्दी के उत्तरार्ध में यह नगर आयडिन तथा मेंतेश नामक सेल्जुक जाति के तुर्को द्वारा अधिकृत कर लिया गया था। सन् १३९० ई. के आसपास यह इसोबे द्वारा शासित था। सेल्जुक काल में यह प्रादेशिक राजधानी तिरेह के अंतर्गत द्वितीय श्रेणी का नगर था। १७वीं शताब्दी में यह मनीसा के करासमैंस के अधिकार में था तथा सन् १८२० ई. तक उसी स्थिति में रहा। समीपस्थ ऊँचे भाग पर प्राचीन नगर ट्रालेस के अवशेष विद्यमान हैं। आयडिन को यूनान-तुर्की-युद्ध (१९१९-१९२२) में अत्यधिक क्षति उठानी पड़ी थी। (श्या. सुं.श.)