आमियानस मार्सेलिनस (जन्म ल. ३२५-३० ई.) रोमन इतिहासकार, संभ्रांत ग्रीक वंश का था। रोम को शासकों और जेनरलों के साथ वह अनेक एशियाई युद्धों में शामिल हुआ। एकाध बार तो उसे ईरानियों से लड़ते समय जान के लाले तक पड़ गए। अपने जन्म का नगर अंतियोक छोड़ बाद में वह रोम में ही बस गया और वहीं उसने अपना 'रेरम गेस्तारूम ३१' नामक प्रसिद्ध इतिहास लातीनी में लिखा, जिसमें ९६-३७८ ई. तक की घटनाएँ समाविष्ट हुई और जो तासितस के इतिहास का उपसंहार बना। उसी पर आमियानस का यश प्रतिष्ठित हुआ। उसकी शैली अधिकतर अस्पष्ट और अमधुर है। लिवी और तासितस दोनों इतिहासकारों से वह अधिक उदारचेता है। (भ.श.उ.)