आदिपुराण जैनधर्म का एक प्रख्यात पुराण। जैनधर्म के अनुसार ६३ महापुरुष बड़े ही प्रतिभाशाली, धर्मप्रवर्तक तथा चरित्रसंपन्न माने जाते हैं और इसीलिए ए 'शलाकापुरुष' के नाम से विख्यात हैं। ये २४ तीर्थंकर, १२ चक्रवर्ती, नौ वासुदेव, नौ प्रतिवासुदेव तथा नौ बलदेव (या बलभद्र) हैं। इन शलाकापुरुषों के जीवनप्रतिपादक ग्रंथों को श्वेतांबर लोग 'चरित्र' तथा दिगंबर लोग 'पुराण' कहते हैं। आचार्य जिनसेन ने इन समग्र महापुरुषों की जीवनी काव्यशैली में संस्कृत में लिखने के विचार से इस 'महापुराण' का आरंभ किया, परंतु ग्रंथ की समाप्ति से पहले ही उनकी मृत्यु हो गई। फलत: अवशिष्ट भाग को उनके शिष्य आचार्य गुणभद्र ने समाप्त किया। ग्रंथ के प्रथम भाग में ४८ पर्व और १२ सहस्र श्लोक हैं जिनमें आद्य तीर्थकर ऋषभनाथ की जीवनी निबद्ध है और इसलिए 'महापुराण' का प्रथमार्ध 'आदिपुराण' तथा उत्तरार्ध उत्तरपुराण के नाम से विख्यात है। आदिपुराण के भी केवल ४२ पर्व पूर्ण रूप से तथा ४३वें पर्व के केवल तीन श्लोक आचार्य जिनसेन की रचना हैं और अंतिम पर्व (१६२० श्लोक) गुणभद्र की कृति है। इस प्रकार आदि पुराण के १०,३८० श्लोकों के कर्ता जिनसेन स्वामी हैं। हरिवंश पुराण के रचयिता जिनसेन आदिपुराण के कर्ता से भिन्न तथा बाद के हैं, क्योंकि जिनसेन स्वामी की स्तुति अपने ग्रंथ के मंगलश्लोक में की है।

आदिपुराण कवि की अंतिम रचना है। जिनसेन का लगभग श.सं. ७७० (=८४८ ई.) में स्वर्गवास हुआ। राष्ट्रकूट नरेश अमोघवर्ष (प्रथम) का वह राज्यकाल था। फलत: आदिपुराण की रचना का काल नवीं शताब्दी का मध्य भाग है। यह ग्रंथ काव्य की रोचक शैली में लिखा गया है।

सं.ग्रं.-नाथूराम प्रेमी : जैन साहित्य और इतिहास, बंबई १९४२; डा. विंटरनित्स : हिस्ट्री ऑव इंडियन लिटरेचर, द्वतीय खंड, कलकत्ता, १९३३। (ब.उ.)