आदम्स ब्रिज लंका के मन्नार द्वीप तथा भारतीय तट के रामेश्वर द्वीप के मध्य दक्षिण पश्चिम में मन्नार की खाड़ी और उत्तर पूर्व में पाक के मुहाने से जुड़ी हुई लगभग ३० मील लंबी बालुकाराशि है जिसे पौराणिक मर्यादा पुरुषोत्तम राम का सेतुबांध भी कहते हैं। इसका कुछ भाग सर्वदा सूखा रहता है और बढ़े हुए जल में भी इस जल की गहराई तीन चार फुट से अधिक नहीं रहती। अत: समुद्री यान इस रास्ते न आकर लंका के दक्षिण से घूमकर जाते हैं। भूगर्भिक प्रमाणों के अनुसार उक्त खंड एक स्थलडमरुमध्य के द्वारा जुड़ा था, परंतु १८४० की प्रचंड आंधी से असंबद्ध हो गया। भूवैज्ञानिक खोजों के अनुसार यहाँ प्रवालीय कृमियाँ कालांतरित भूतलोन्नयन के कारण विनष्ट हो गई और अब प्रवालशिलाओं के रूप में विद्यमान हैं। १८३८ में इसे समुद्रीय परिवहन के योग्य बनाने के लिए खोदाई आरंभ की गई, परंतु जहाजों के काम का यह न बन सका। अब भारतीय सरकार तदर्थ सक्रिय है।
रामायण के अनुसार अयोध्या के निर्वासित राजकुमार श्री रामचंद्र जी ने अपनी पत्नी सीता को प्राप्त करने के लिए लंकाधिपति रावण पर आक्रमणार्थ यह सेतु बंधवाया था, जिसके अवशेष इस बालुकाराशि के रूप में विद्यमान हैं। सुप्रसिद्ध रामेश्वरम् मंदिर राम के विजय अभियान का स्मारक है। (का.ना.सिं.)