आक्कियुस (अथवा अत्तियुस्) लुकियुस् लातीनी भाषा का दु:खांत नाटकों का रचयिता कवि। इसका जन्म उंब्रिया के पिसौरूम नामक स्थान पर हुआ था। इसका समय ई.पू. १७० से ई.पू. ८५ तक है। युवावस्था में यह रोम नगर में आकर बस गया था और ई.पू.१४० में दु:खांत नाटकों (ट्रेजेडी) का विख्यात लेखक माना जाने लगा। इसके ४५ नाटकों के नाम और इसकी रचनाओं की लगभग ७०० पंक्तियाँ इस समय उपलब्ध हैं। अपने नाटकों को इसने यूनानी नाटकों के आदर्शों के अनुसार लिखा था। नाटकों के अतिरिक्त इसने गद्य और पद्य में और भी रचनाएँ प्रस्तुत की थीं जिनमें यूनानी और लातीनी साहित्य का इतिहास भी था। यह लातीनी भाषा का प्रथम महान् वैयाकरण भी था। (भो.ना.श.)