आउग्सबर्ग जर्मनी के पश्चिमी भाग में बवेरिया का एक शहर है। यह म्यूनिख से ३५ मील उत्तर पश्चिम में वेरटाख तथा लेख नदी के संगम पर १,५०० फुट की ऊँचाई पर बसा है। १४ ई.पू. में आगस्टस बादशाह द्वारा रोमन साम्राज्य की चौकी (आउटपाँचस्ट) के रूप में इसकी स्थापना हुई थी। आउग्सबर्ग यूरोप का एक महत्वपूर्ण तथा संपन्न शहर था, क्योंकि यह उत्तरी तथा दक्षिणी यूरोप को मिलानेवाले मार्ग पर था। १२७६ ई. में यह एक सुंदर साम्राज्यवादी शहर बन गया। १७०३ ई. में निर्वाचित बवेरिया राज्य द्वारा बमों से नष्ट किया गया तथा १८०३ की लड़ाई में भी बहुत कुछ नष्ट हुआ। यहाँ का रेनेसाँ टाउनहाल जिसमें गोल्डेन हाल नामक सभाभवन भी है, जर्मनी में सबसे अच्छा है। यह भवन १७३ फुट लंबा, ५९ फुट चौड़ा तथा ५३ फुट ऊँचा है। अप्रैल, १९५४ ई. में संयुक्त राज्य की फौज ने इसको अपने अधिकार में कर लिया। यह नगर मध्ययुग में व्यावसायिक तथा व्यापारिक केंद्र के रूप में प्रसिद्ध था, परंतु आज औद्योगिक रूप में प्रसिद्ध है। सूती उद्योग, कलपुर्जे, रासायनिक वस्तुएँ, यंत्र कागज की वस्तुएँ, चमड़े के सामान, इंजन तथा सोने चाँदी के सामान यहाँ बनाए जाते हैं। द्वितीय महायुद्ध में यह पोत के डीजल इंजिन बनाता था। १९६९ में इसकी जनसंख्या २,१४,३७६ थी। (नृ.कु.सिं.)