आंदोरा पूर्वी पिरेनीज़ का अर्धसत्तासम्पन्न राज्य है, जो फ्रांस तथा उर्गल के बिशप के सम्मिलित अधिकार में है। यह फ्रांस के एरिज़ विभाग तथा स्पेन के लेरिडा प्रांत के मध्य में स्थित है। इसका क्षेत्रफल १९१ वर्ग मील है। यहाँ के धरातल की ऊँचाई सागरतल से ६,५०० फुट से १०,००० फुट तक है। धरातल विषम तथा जलवायु कष्टकर है। यहाँ पर भेड़ तथा उसके पालने के लिए लहलहाते हुए चरागाह हैं, अतएव यहाँ पशुपालन यथेष्ट उन्नति पर है। यहाँ के वस्त्र उद्योग तथा तंबाकू संबंधी उद्योग विश्वविख्यात हैं। फलद वृक्ष तथा लताएँ भी होती हैं। यहाँ के पर्वतों में लोहे एवं सीसे (धातु) की खुदाई होती है। यहाँ की राजधानी अंदोरा है। (शि.मं.सिं.)