अहमदनगर महाराष्ट्र राज्य का एक जिला तथा नगर है (१९°¢ उ.अ., ७४° ५५¢ पू.दे.), जो सीना नदी के बाएँ तट पर स्थित है। १४९७ में यह अहमद निजाम शाह द्वारा स्थापित किया गया। १६३६ में शाहजहाँ ने इसपर विजय प्राप्त की। १७९७ में मुख्य मराठा दौलतराव सिंधिया का इसपर अधिकार हो गया तथा १८१७ में पूना की संधि द्वारा यह अंगेजों के शासन में आ गया। यहाँ पर सूती तथा रेशमी वस्त्रों का बहुत बड़ा व्यापार होता है। प्रमुख उद्योग हाथ से कपड़ा बुनना, दरी बनाना तथा तांबे और पीतल के बर्तन तैयार करना है। यहाँ कपड़े के कई कारखाने हैं। शिक्षा संस्थाओं में कला तथा विज्ञान के कालेज और आयुर्वैदिक महाविद्यालय मुख्य हैं। क्षेत्रफल २ वर्ग मील है।

अहमदनगर जिले में (१८° २०¢ उ.अ. से २०°¢ उ.अ. और ७३° ४३¢ पू.दे. से ७४° ५१¢ पू.दे.) कई नदियाँ बहती हैं, जैसे गोदावरी तथा उसकी सहायक पारवारा और मूला, डोर, सेथानी, भीमा तथा उसकी सहायक गोर। साल में वर्षा २०-२२ इंच होती है। मुख्य फसलें कपास, पटुआ, गन्ना, ज्वार दाल तथा गेहूँ हैं। मुख्य आयात टीन की चादरें, धातु, नमक और रेशम हैं तथा निर्यात चीनी, कपड़ा, अनाज और हाथ के बुने कपड़े हैं। जिले का क्षेत्रफल १७,०३५ वर्ग कि.मी. है। (न.ला.)