अहग्गार पठार अफ्रीका के सहारा मरुस्थल के मध्य भाग में उत्तर पश्चिम से दक्षिणपूर्व को कर्णवत् फैला हुआ है। यह (आदिकल्प--पुराकल्प) चट्टानों से बना हुआ है। यहाँ ज्वालामुखीय उत्पत्ति की कई चोटियाँ हैं जिनकी ऊँचाई ८,००० फुट से अधिक नहीं है। ये चोटियाँ समय-समय पर बर्फ से ढक जाती हैं। यहाँ की जलवायु ठंडी है तथा तुषार भी पर्याप्त पड़ता है। यहाँ की मुख्य वनस्पति एक प्रकार का बबूल (अकेसिया टारटिला) है। यहाँ के निवासी टारेग जाति के हैं। ये चरागाहों में अपने पशु चराते तथा बंजारों का जीवन व्यतीत करते हैं। (न.ला.)