असेंशन-नौ मील लंबा, तथा छह मील चौड़ा एक छोटा द्वीप है जो दक्षिणी अंध (अटलांटिक) महासागर में सेंट हेलेना द्वीप से उत्तर पश्चिम दिशा में ७०० मील की दूरी पर स्थित है। द्वीप ज्वालामुखी के उद्गार से निकले हुए लावा से बना है। मध्य में शंकु के समान उठा हुआ ग्रीन पर्वत है। समीपवर्ती पठारों की ऊँचाई १,२०० फुट से २,००० फुट तक है। ८ द.अ. पर स्थित यह द्वीप दक्षिण पूर्वी व्यापारिक हवाओं के मार्ग में पड़ता है। ढालों पर झाड़ियाँ तथा घास उगती हैं।

१५०१ ई. जाओदो नोवा नामक पुर्तगाली ने इसका पता लगाया तथा १८१५ ई. में अंग्रेजों ने सर्वप्रथम यहाँ अपना अधिकार जमाया। आज यह द्वीप अपनी स्वास्थ्यवर्धक जलवायु के कारण अंग्रेजों का क्रीड़ाकेंद्र तथा जहाजों के ठहरने का स्थान है। १९२२ ई. से यह सेंट हेलेना का एक उपराज्य मान लिया गया है। (ह.ह.सिं.)