अल्बानी संयुक्त राज्य, अमरीका, के न्यूयार्क प्रांत की राजधानी तथा बंदरगाह है, जो न्यूयार्क नगर से १४५ मील उत्तर हडसन नदी के पश्चिमी किनारे पर स्थित है। इसका क्षेत्रफल १९.६ वर्ग मील तथा जनसंख्या १,२२,६७० (१९६८) है। न्यूयार्क सेंट्रल, डेलावरे तथा हडसन, वेस्टशोर तथा बोस्टन और अल्बानी रेलवे लाइनें यहाँ से होकर जाती हैं। यहाँ पर एक राजकीय संग्रहालय तथा सन् १८९८ में स्थापित एक राजकीय पुस्तकालय है जिसमें ६,३०,००० पुस्तकें हैं। न्यूयार्क स्टेट नैशनल बैंक की इमारत संभवत: अमरीका का सबसे पुराना भवन है। जिसमें प्रारंभ से ही बैंक का कार्य होता रहा है। यहाँ २० प्रमदवन (पार्क) हैं जिनमें वाशिंगटन तथा लिंकन सबसे बड़े हैं। यहाँ नगरपालिका, हवाई अड्डा और एक व्यस्त बंदरगाह है। विभिन्न उद्योग धंधे भी यहाँ होते हैं जिनमें रासायनिक पदार्थ, वस्त्र, कागज, स्टोव तथा पिन इत्यादि बनाना मुख्य हैं। अल्बानी प्रमुख शिक्षाकेंद्र है। यहाँ पर विभिन्न स्कूल, कालेज तथा व्यावसायिक संस्थाएँ हैं जिनमें नैशनल विश्वविद्यालय, अल्बानी फार्मेसी कालेज (स्थापित १८८१), अल्बानी लॉ स्कूल (स्थापित १८५१) तथा अल्बानी मेडिकल स्कूल (स्थापित १८३९) प्रमुख हैं। यहाँ से दो दैनिक पत्र निकलते हैं : निकरबोकर न्यूज़ सन् १८४२ से और टाइम्स यूनियन सन् १८५३ से। रेलमार्ग, जलमार्ग तथा सड़कों का जाल बिछा होने के कारण अल्बानी एक प्रमुख माल-वितरण-केंद्र बन गया है। (न.ला.)