अलोंप्रा, अलाउंग पहाउरा (१७११-१७६०) बर्मा का राजा, जिसने १७५३ से १७६० तक उस देश के कुछ प्रदेशों पर राज किया। बर्मा के मध्य में स्थित अबानगर के समीप शिकारियों के एक छोटे गाँव स्वेबो में १७११ में उसका जन्म हुआ था। वयस्क होने पर पिता की जमींदारी और शिकारियों के सरदार का वंशानुगत पद उसको मिला। १७५० के लगभग तेलंगों ने अवा और उसके समीप के कुछ प्रदेश पर अधिकार कर लिया था। अलोंप्रा ने एक सेना संगठित की और दो वर्ष में ही तेलंगों को अधिकृत प्रदेश से निकालकर १७५३ में अवा पर अधिकार कर लिया और अपने आपको देश का राजा घोषित किया। उसने अपने राज्य का विस्तार किया और दक्षिण में स्थित बर्मा की राजधानी पेगू पर भी अधिकार कर लिया। १७६० में स्यामविजय के अभियान में वह अस्वस्थ हो गया और मई मास में उसकी मृत्यु हो गई। अलोंप्रा सैनिक-प्रतिभा-संपन्न वीर और कुशल राजनीतिज्ञ था। उसने नयायव्यवस्था में भी सुधार किया। उसके वंशज १८८५ तक बर्मा में राज करते रहे। (त्रि.पं.)