अली पाशा यह वह उपाधि है जो उस्मानी तुर्क अपने सरदारों को दिया करते थे। इस तरह की उपाधिवाले ओहदेदार कुल नौ हुए हैं। इसी नाम की दूसरी ऐतिहासिक उपाधि मिस्र के प्रसिद्ध राजनीतिज्ञों को दी जाती है जिनको 'अलीपाशा मुबारक' के नाम से पुकारा जाता है। यह १८२३-२४ ई. में पैदा हुए। यह एक साधारण वंश के व्यक्ति थे। पहले ये मिस्री तोपखाने में एक अधिकारी हुए और धीरे-धीरे उन्नति करके मंत्री के पद पर पहुँचे। १८४४ ई. में फ्रांस गए और मेट्ज के तोपखाने के स्कूल में शिक्षा ग्रहण की। अली पाशा मुबारक ने मिस्र सरकार के प्रत्येक विभाग में बहुत ज्यादा सुधार किए। इन्हीं के मंत्रित्व में छापेखाने खुले और स्कूलों के लिए पढ़ाई जानेवाली पुस्तकें तैयार की गई। १८९१ ई. में उन्होंने सर अलफ्रेड मिलनर के हस्तक्षेप के कारण त्यागपत्र दे दिया और राजनीति से अलग होकर एक साधारण व्यक्ति की तरह जीवन व्यतीत करने लगे। १४ नवंबर, १८९३ को उनकी मृत्यु काहिरा में हो गई।
एक और अली पाशा मुहम्मद अमीन तुर्क राजनीतिज्ञ १८१५ ई. में कुस्तुंतुनियाँ में पैदा हुए। यह रलीद पाशा के शिष्य थे। लंदन में १८४१ ई. में तुर्की राजदूत रहे। पेरिस के सुलहनामें में तुर्की के प्रतिनिधि बनाकर भेजे गए। १८५६-६१ ई. तक उस्मानिया सल्तनत के मुख्य मंत्री रहे। इन्होंने बहुत सी नई बातें लागू कीं। इनकी मृत्यु १८ सितंबर, १८७१ को हुई। (मु.अ.अं.)