अलागाआस समुद्रतट पर स्थित ब्राजील का एक राज्य है जो उत्तर और पश्चिम में पर्नाबुको, दक्षिण तथा पश्चिम में सरजिए राज्य और पूर्व में अंधमहासागर से घिरा हुआ है। जलवायु उष्ण तथा आर्द्र है। इसका पश्चिमी भूभाग शुष्क तथा अर्धबंजर पठार है जो केवल चरागाह के लिए उपयुक्त है। तटवर्ती भूमि उर्वरा है और वहाँ वनयुक्त पर्वत पाए जाते हैं। नदियों की उर्वरा घाटियों में गन्ना, कपास, तंबाकू, ज्वार, मक्का, धान तथा फल उपजाए जाते हैं। चमड़े, खाल, रबर, लकड़ी तथा ईख की मदिरा का निर्यात होता है। पशु भी पाले जाते हैं।
१७वीं शताब्दी में यह उच्च शासन के अंतर्गत रहा। बाद में पुर्तगाली यहाँ आए ओर उन्होंने गन्ने की खेती में बड़ी प्रगति की। १८वीं शताब्दी के मध्य में यह पर्याप्त धनी क्षेत्र हो गया। १८९९ ई. से यह स्वतंत्र राज्य बन गया।
मेसियो राजधानी तथा प्रमुख व्यावसायिक नगर है जरागुआ बंदरगाह से पर्याप्त व्यापार होता है। यहाँ के अन्य नगरों में अलागोआस, जो पहले यहाँ की राजधानी था, मेसियो से १५ मील दक्षिण पश्चिम मंगुआबा झील पर स्थित है। दूसरा नगर पेनेडो, सैनफ्रांसिस्को नदी के मुहाने से २६ मील ऊपर स्थित है। क्षेत्रफल २७,७३१ वर्ग कि.मी. तथा जनसंख्या १६,०६,१६५ (१९७१)। (न.ला.)