अब्राबानेल, इसहाक यह प्रसिद्ध यहूदी राज्नीतिज्ञ, दार्शनिक, धर्मशास्त्री और भाष्यकार सन् १४३७ ई. में लिस्बन में पैदा हुआ। उसके परिवार की ओर से यह दावा किया जाता था कि वे लोग प्रसिद्ध यहूदी पैगंबर दाऊद के उत्तराधिकारी हैं। अब्राबानेल की मृत्यु सन् १५०८ ई. में हुई। अब्राबानेल जितना योग्य विद्वान् था उतना ही योग्य राजनीतिज्ञ भी था। शीघ्र ही वह पुर्तगाल के राजा अलफेंजाए पंचम का कृपापात्र बन गया। शासन के महत्वपूर्ण कार्य उसे सौंपे जाते थे। अलफेंजो की मृत्यु के बाद उसे पुर्तगाल त्यागकर स्पेन भाग जाना पड़ा, जहाँ वह आठ वर्षों (१४८४-९२) तक स्पेन के राजा फर्दीनांद और सम्राज्ञी इसाबेला के अधीन गृहमंत्री रहा। सन् १४९२ ई. में जब यहूदियों को स्पेन से निकाला गया तो अब्राबानेल नेपुल्स, कोर्फ और मोनोपाली में रहा। सन् १५०३ ई. में वह वेनिस चला गया जहाँ मृत्युपर्यंत, अर्थात सन् १५०८ ई. तक, वह गृहमंत्री रहा। अब्राबानेल की यह विशेषता थी कि उसने बाइबिल की सामाजिक पृष्ठभूमि का गहरा अध्ययन किया था और चतुराई के साथ अपनी राजनीति में उसको व्यावहारिक रूप देने का गंभीर प्रयत्न किया था। (वि.ना.पां.)