अबरडीन उत्तरी सागर के तट पर डी और डोन नदियों के मुहानों के बीच स्थित उत्तरी स्काटलैंड का एक प्रमुख बंदरगाह तथा अबरडीनशायर की राजधानी है। १३३६ में एडवर्ड तृतीय ने इस नगर को जला डाला था। पुन: निर्मित होने पर इसका नाम नवीन अबरडीन पड़ा यहाँ की मुख्य दुकानें तथा नवनिर्मित आधुनिक ढंग की इमारतें यूनियन स्ट्रीट के किनारे स्थित हैं जो ७० फुट चौड़ी है। स्कूलहिल की चित्रशाला एवं कौतुकालय तथा मैकडोनल्ड हाल में आधुनिक कलाकारों के चित्रों चित्रों का संग्रह बहुत महत्वपुर्ण है। डूथी (४५ एकड़), विक्टोरिया (१३ एकड़), वेस्ट बर्न (१३ एकड़), स्टीवर्ट (११ एकड़), तथा हेजेलफेल्ड यहाँ के मुख्य प्रमदवन (पार्क) हैं।
यहाँ का विश्वविद्यालय, जिसमें किंग कालज (स्थापित १४९४) तथा कारिशल कालेज (१५९३) हैं, १९६० ई. में बना। १९१३ में अनुसंधान के लिए रोवेट इंस्टिटयूट खोला गया। माध्यमिक तथा औद्योगिक शिक्षाओं के लिए १८८१ में राबर्ट गॉर्डन कालेज स्थापित किया गया।
अबरडीन स्काटलैंड के मत्स्यव्यापार का मुख्य केंद्र है। अन्यान्य व्यवसायों के अंतर्गत जूट, कागज, यांत्रिक इंजीनियरी, रासायनिक इंजीनियरी, जहाज, कृषिसंबंधी औजार, साबुन तथा मोमबत्ती बनाना मुख्य हैं। क्षेत्रफल ६,३१६ एकड़ और जनसंख्या १,८२,११७ (१९६७) है।
(न.ला.)