अनंतवर्मन चोड गंग कलिंग के गंग राजकुल का प्रधान नरेश था। उसने अपने कुल का यश दूर-दूर तक फैलाया। उसकी माता राजसुंदरी चोडनरेश राजेंद्र चोड की कन्या थी। अनंतवर्मन् ने संभवत: १०७७ से ११४७ ई. तक, लगभग ७० वर्ष, राज्य किया। उसने उत्कलों को जीतकर गोदावरी और गंगा के बीच के देशों से कर वसूल किया, परंतु पालनरेश रामपाल के सामने संभवत: उसे एक बार झुकना पड़ा। अनंतवर्मन् ने ही पुरी के विख्यात जगन्नाथ जी के मंदिर का निर्माण कराया था, जो, यद्यपि कला की दृष्टि से तो विशेष महत्वपूर्ण नहीं है, तथापि भारत के आज के समृद्धतम मंदिरों में से है। सेनराज विजयसेन ने उसके पुत्रों के समय कलिंग पर आक्रमण किया था। (भ.श.उ.)