अदीस अबाबा (ऐडिस अबाबा) समुद्रतल से ८,००० फुट की ऊँचाई पर (९° १¢ उत्तर अ., ३८° ५६¢ पू. दे.) स्थित इथिओपिया की राजधानी है। यहाँ पर अधिकतम तथा न्यूनतम ताप का औसत अंतर ७.३° फा. तथा औसत वार्षिक वर्षा ५० इंच है। यह रेल (लंबाई ४८६.५ मील) द्वारा जीबुती से संबद्ध है।
इसकी मुख्य दूकानें, कार्यालय तथा कारखाने नगर के मध्य में स्थित हैं। यहाँ का राजप्रासाद गेबी नाम से प्रसिद्ध है। इस नगर की स्थापना मेनेलिक द्वितीय द्वारा १८८७ में अबिसीनिया की नई राजधानी के रूप में हुई, जिसका अदीस अबाबा (अर्थ नया फूल) नामकरण उसकी पत्नी ने किया। इटली देश के अधिकारकाल (१९३६-४१) में यहाँ पर अनेक मोटर मार्ग बनाए गए।
अनेक शैक्षणिक विद्यालयों, औद्योगिक, व्यावसायिक शिल्प संस्थाओं, इंजीनियरिंग एवं सैनिक कालेजों के अतिरिक्त यहाँ एक विश्वविद्यालय भी है जिसकी स्थापना १९५० ई. में हुई थी।
यहाँ पर आटा, बर्फ तथा मशीनें तैयार करने के कारखाने हैं। (न. ला.)