अज उत्तर कोशल के इक्ष्वाकुवंशी काकुत्स्य राजाओं में रघु के पुत्र अज बड़े प्रतापी थे। उनकी पत्नी का नाम इंदुमती तथा पुत्र का नाम दशरथ था। ऐक्ष्वकु परंपरा के अनुसार उन्होंने मगध, अंग, अनूप, मथुरा आदि के राजाओं को युद्ध में परास्त किया था। कालिदास ने अपने सुप्रसिद्ध काव्य रघुवंश में इंदुमती स्वयंवर तथा अजविलाप प्रसंगों का बड़ा मार्मिक और विशद चित्रण किया है। (चं. म.)उपर्युक्त के अतिरिक्त कश्यप ऋषि और उत्तम मनु के पुत्रों का नाम भी अज ही था। उक्त नाम के एक ऋषि भी थे जिनके कुल में धनंजय, कपर्देय, परिकूट तथा पाणिनि ऋषि उत्पन्न हुए। इसी नाम के एक वीर ने महाभारत में पांडव पक्ष से युद्ध किया था। (स.)