अग्रिकोला, ग्यानस यूलियस (३७-९३ ई.) रोमन जेनरल, इतिहासकार तासितस का श्वसुर। सिनेटर पिता की हत्या हो जाने पर मस्सीलिया में माता के संरक्षण में रहा। यहीं से सेना में नियुक्त ही ब्रिटेन गया। ६१ ई. में स्वदेश लौटकर एक संभ्रांत महिला से विवाह किया। इसके बाद के काल में इसने ६३ ई. से ७० ई. तक, एशिया में क्वेस्तर, त्रिब्यून, पीतर, और ब्रिटेन में २०वीं सेना के सेनापति पद तक उन्नति की। सात वर्ष वह ब्रिटेन का शासक रहा। इसी बीच उसने अपने प्रदेश का रोमनीकरण भी किया जो संदेह की दृष्टि से देखा गया और वापस बुलाकर उसे प्रोकाउंसल का पद दिया गया, पर उसने उसे लेने से इनकार कर अवकाश ग्रहण कर लिया। ९३ ई. में उसकी मृत्यु संभवत विषपान द्वारा हुई। (ओं. ना. उ.)