अगाथोक्लीज़ यह सिराकूज़ का निरंकुश शासक था। पहले यह ३२५ ई. पू. के गृह युद्धों के बाद एक जनतांत्रिक नेता बना। ३१७ ई. पू. में निरंकुश हो इसने गरीबों को मिलाने और सेना को मजबूत करने की कोशिश की। अपनी शक्ति समृद्धि के सिलसिले में इसका संघर्ष सिसली के यूनानियों और कार्थेज से हुआ। प्रारंभ में कुछ सफलता मिली, पर अंतत कार्थेज के लोगों ने इसे मार भगाया और वह सिराकुज में बंद हो गया। बाद में इसने अपनी हार का बदला अफ्रीका में कार्थेज को हराकर लेना चाहा पर उसमें भी इसे विशेष सफलता नहीं मिली। इटली में भी इसने कई लड़ाइयाँ लड़ीं। इसके जीवन का अंतिम काल भयानक पारिवारिक अशांति में बीता। इसने अपनी वसीयत में वंशगत उत्तराधिकारी की निंदा कर सिराकूज़ को पुन स्वतंत्रता दी। पश्चिमी यूनानियों में यही अकेला हेलेनिक राजा था। (अ. कि. ना.)