अगरतला २३° ५१¢ उ. अ. तथा ९१° २१¢ पू. दे. रेखाओं पर स्थित त्रिपुरा की राजधानी है। यहाँ का प्राचीन नगर हाओरा नदी के बाएँ तथा नवीन नगर दाहिने किनारे पर बसा हुआ है। प्राचीन नगर में राजभवन के समीप एक छोटा देवालय है जिसे त्रिपुरा निवासी अत्यंत सम्मान तथा श्रद्धा की दृष्टि से देखते हैं। इसमें स्वर्ण तथा अन्य धातु जटित चतुर्भुज देवों की मूर्त्तियाँ हैं जो यहाँ के निवासियों के संरक्षक माने जाते हैं। १८७४-७५ ई. में यहाँ नगरपालिका की स्थापना हुई। यहाँ के आर्ट्स कालेज, शिल्प संस्थान, औषधालय तथा बंदीगृह प्रसिद्ध हैं। यहाँ के विभिन्न वर्षों की जनगणना देखने से पता चलता है कि यह उन्नतिशील नगर है। जनसंख्या १९०१ में ६,४१५; १९३१में ९,५८०; १९४१ में १७,६९३; १९५१ में ४२,५९५ और १९६१ में ५४,८७८ थी। इस नगर का क्षेत्रफल लगभग चार वर्ग मील है। (न. ला.)