अकोला विदर्भ प्रदेश (महाराष्ट्र राज्य) का एक जिला तथा नगर है। यह नगर पुरना की सहायक मुरना नदी के पश्चिमी किनारे पर २०° ४२¢ उ. अ. क्षथा ७७° २¢ पू. दे. पर स्थित है। यह बंबई से ६५३ कि. मी. तथा नागपुर से २५१ कि. मी. दूर है और रुई के व्यापार का मुख्य केंद्र है। यहाँ पर इसकी गाँठें तैयार करने के कई कारखाने हैं। नगर में एक राजकीय कालेज तथा औद्योगिक संस्था भी है।
अकोला जिला १९° ५०¢ उ. अ. से २१° १६¢ उ. अ. क्षथा ७६° ४५¢ पू. दे. से ७७° ५२¢ पू.दे. रेखाओं के बीच स्थित एक समतल प्रदेश हैं। इसका क्षेत्रफल १०,५६७ वर्ग कि.मी है। यहाँ पर पुरना (ताप्ती की सहायक) नदी अपनी सहायक नदियों के साथ बहती है। इसके उत्तर में सतपुड़ा की पहाड़ियाँ फैली हुई हैं। यहाँ का औसत ताप ३५ सें. है तथा वर्षा साल में लगभग ३०¢ ¢ होती है। पुरना घाटी में सब जगह काली चिकनी मिट्टी पाई जाती है। यहाँ के लगभग पूरे भूभाग में खेती होती है और मुख्य फसलें ज्वार, कपास, दाल तथा गेहूँ हैं। २२ लाख एकड़ भूमि में कृषि होती है जिसके १/३ भाग में कपास तथा २/३ भाग में खरीफ की फसलें बोई जाती हैं। (न. ला.)