अंतिओक पश्चिमी एशिया में इस नाम के अनेक नगर लबुएशिया तक बसते चले गए थे। इनमें सबसे महत्व का नगर सीरिया में था जो लेबनान और तोरस पर्वतमालाओं के बीच, सागर से प्राय २० मील दूर ओरोंतीज़ नदी के बाएँ तीर पर बसा। लघु एशिया, फरात की उपरली घाटी, मिस्र और फिलिस्तीन से आने वाली सारी राहें यहीं मिलती थीं और यहीं उन सबके व्यापार का केंद्र था। यह सिकंदर के साम्राज्य की सेल्यूकस के हिस्से की राजधानी था। सेल्यूकस ने ही इस नगर को वस्तुत बसाया भी था जिसके निर्माण का आरंभ उसी के शत्रु अंतिगोनस ने किया था। धीरे-धीरे नगर का विस्तार होता गया था और चौथी सदी ईसवी में इसकी जनसंख्या प्राय ढाई लाख हो गई थी। बाद में रोमनों ने इसे जीत लिया। इसका वर्तमान नाम अताक्या है। आज के इस तुर्की नगर की भाषा भी तुर्की है। (भ. श. उ.)