वाशिंगटन १. राज्य, स्थिति ४५° ३२¢ से ४९°¢ उ. अ. तथा ११६° ५७¢ से १२४° ४८¢ प. दे.। यह संयुक्त राज्य अमरीका के उत्तर-पश्चिमी छोर पर ३६० मील पूर्व-पश्चिम तथा २४० मील उत्तर-दक्षिण तक फैला हुआ है। इसका नाम अमरीका के प्रथम राष्ट्रपति वाशिंगटन के नाम पर पड़ा है। राज्य का क्षेत्रफल ६८,१९२ वर्ग मील है। यहाँ का धरातल काफी ऊबड़ खाबड़ है। कैसकेड पर्वत श्रेणियाँ, समुद्रतटीय श्रेणियाँ, ब्लू पर्वत, ओकानॉगैन तथा कोलंबिया पठार, समुद्रतटीय मैदान एवं प्यूजेट साउंड खाड़ी के द्वीप प्रमुल धरातलीय विभाग हैं। यहाँ की जलवायु समशीतोष्ण है पर एक भाग से दूसरे भाग में काफी विभिन्नता मिलती है। यहाँ काफी घने तथा अच्छी लकड़ियोंवाले वन पाए जाते हैं। यहाँ के व्यवसाय के मुख्य आधार वन, खेती तथा जलविद्युत् हैं। लकड़ी काटना, लकड़ी तैयार करना तथा कागज के कारखाने प्रमुख उद्योग हैं। गेहूँ तथा सेब प्रधान उपज हैं। पशुपालन तथा मुर्गी पालन भी महत्वपूर्ण उद्योग है। यहाँ रसायनक तथा धातुनिर्मण के कारखाने हैं जिनमें ऐलुमिनियम निर्माण सर्वप्रमुख है। सियेटल का बोइंग विमान (Boeing aeroplane) बनाने का कारखाना तथा हार्नफर्ड का परमाणिवक ऊर्जा (Atomic Energy) का कारखाना बहुत महत्पूर्ण हैं।

२. नगर, स्थिति : ३८° ५३¢ उ. अ. तथा ७६° ५८¢ प. दे.। पोटोमैक नदी के मुहाने से १०० मील ऊपर, चेसापीक खाड़ी से ३० मील पश्चिम वाल्मीमोर के ४० मील दक्षिण-पश्चिम, वर्जिनिया एवं मेरीलैंड के मध्य पोटोमैक तथा अनाकोशिया नदियों के संगम पर बसा नगर है। नगर का क्षेत्रफल ६९.२४५ वर्ग मील और जनसंख्या ८,०२,१७८ (१९५०) है। जाड़े में साधारण शीतोष्णता, गरमी में अत्यधिक गरम तथा बीच बीच में अत्यधिक आर्द्रता, यहाँ के जलवायु की विशेषता है। जनवरी का औसत ताप १.५° सें. तथा जुलाई का ताप लगभग २२° सें. है। औसत वार्षिक वर्षा ४२.०२ इंच तथा औसत वार्षिक हिमपात २०.४ इंच है।

वाशिंगटन का असली महत्व केंद्रीय सरकार की राजधानी के रूप में ही है। सरकारी कार्यालयों की संख्या में वृद्धि के साथ शहर का निवासक्षेत्र भी बढ़ता गया है।

सरकारी केंद्रीय कार्यकारिणी, विधायिका सभा तथा न्यायपालिका के विभिन्न कार्यालय २´१ मील के आयताकार क्षेत्र में नगर के दक्षिणी भाग में स्थित हैं। पूरब की ओर पोटोमैक नदी से ९० फुट ऊँचे स्थल पर संयुक्त राज्य कैपिटोल खड़ा है। कैपिटोल से श्मील पश्चिम में ह्वाइट हाउस है जिसके पूर्व-पश्चिमी छोर पर क्रमश: कोषभवन (Treasury Building) तथा पुराना राज्य विभाग भवन हैं। पूरब-पश्चिम दिशा में आमने सामने कैपिटोल तथा लिंकन मेमोरियल भवन हैं। उत्तर-दक्षिण दिशा में ह्वाइट हाउस तथा जेफर्सन मेमोरियल एक दूसरे छोर पर हैं। इन्हीं चारों स्थानों को मिलानेवाले आयताकार क्षेत्र के भीतर सरकारी कार्यालय भरे पड़े हैं। यही नगर का असली भाग है।

यहाँ की सड़कों का खाका एल¢ इन्फैंट (L¢ Enfant) ने तैयार किया था। उन्होंने कैपिटोल को केंद्र मानकर वहाँ से पूरब, पश्चिम, उत्तर तथा दक्षिण दिशाओं में सड़कें निकालीं। इससे नगर चार भागों में विभक्त हो गया तथा सड़कों के नामकरण एवं अंकन की सुविधा हुई। तीन सड़कों का नाम उत्तरी कैंपिटोल, दक्षिणी कैपिटोल एवं पूर्वी कैंपिटोल पड़ा। पश्चिम वाली ३ मील लंबी एवं ४०० फुट चौड़ी सड़क ग्रैंड ऐवेन्यू कहलाई जो बाद में दि माल (The Mall) के नाम से विख्यात हुई। इन सड़कों के समांतर अन्य सड़कें निकलीं और इस प्रकार नगर का आयताकार प्रारूप हुआ। इनके उपरांत कैपिटोल से कई बड़ी त्रिज्यात्मक सड़कें बनीं और जहाँ कहीं वे सड़कों से लंबवत मिलीं, वहाँ ग्रैंउ चौक (Grand squares) बन गए। वाशिंगटन की सड़कों की प्रधान विशेषता है, उनकी अधिक चौड़ाई, सफाई, सजावट, एवं वृक्षों की घनी पंक्तियाँ। सड़कों तथा जनपथों की चौड़ाई ६० से १६० फुट के बीच है। पेंसिलवेनिया राजमार्ग सबसे चौड़ा है।

वाशिंगटन में उद्यान भी आलीशान एवं असंख्य हैं। दि माल सड़क के दोनों किनारों पर लगा उद्यान सर्वप्रमुख है। पोटोमैक, नैशनल जोओलॉजिकल, अनाकोशिया, ग्लोवर आर्कबोल्ड तथा बोटैनिक गार्डेन अन्य मुख्य उद्यान हैं।

वाशिंगटन में शिक्षण एवं अन्य संस्थाएँ भी असंख्य हैं। जॉर्ज वाशिंगटन विश्वविद्यालय, जॉर्जटाउन विश्वविद्यालय, कैथोलिक युनिवर्सिटी ऑव अमरीका, अमरीकन विश्वविद्यालय एवं हारवर्ड विश्वविद्यालय प्रमुख विश्वविद्यालय हैं। इनके अतिरिक्त, कारकोरन स्कूल ऑव आर्ट, नैशनल स्कूल ऑव फाइन ऐंड ऐप्लाइड आर्ट्स, एवॉट स्कूल ऑव आर्ट, फिलिप्स मेमोरियल गैलेरी आर्ट स्कूल, वाशिंगटन स्कूल फाइन ऐंड ऐप्लाइड आर्ट्स तथा किंग स्मिथ स्टूडियो स्कूल भी उल्लेखनीय हैं।

नगर में औद्योगिक कारखाने कम हैं किंतु फुटकर व्यापार काफी उन्नतिशील है। यहाँ के प्रधान उद्योग संस्थान स्थानीय आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए हैं। पशुपालन, खाद्य सामग्री, कागज, मानचित्र एवं सर्वेक्षण के औजार, इस्पात के सामान, समुद्री यातायात के सामान एवं रेल के सामान आदि के निर्माण के उद्योग प्रमुख हैं।

नगर में रेल तथा सड़कों का जाल है। नगर में वायुयान सेवा भी है। (जगदीश सिंह)