वर्जिन द्वीपसमूह (Virgin Islands) पश्चिमी द्वीपसमूह में १०० द्वीपों का एक अलग समूह वर्जिन द्वीपसमूह के नाम से विख्यात है। इसमें केवल १४ द्वीप ही अब तक आबाद हो सके हैं। ये द्वीप पोर्टोरिको से ४० मील पूर्व में स्थित हैं और फिर ८० मील तक फैले हुए हैं। इनका संपूर्ण क्षेत्रफल केवल २०० वर्ग मील है। ये द्वीप डूबे हुए पर्वतों की चोटियाँ प्रतीत होते हैं जिनका फैलाव पूर्व की तरफ था। कुछ बिखरी हुई चोटियों की ऊँचाई २,००० फुट तक भी है, अन्यथा द्वीपों की कुल ऊँचाई समुद्र से कुछ ही फुट (१०० फुट) है। जलवायु सामान्य तथा स्वास्थ्यवर्धक है। ताप कभी कभी लगभग २७ सें. और कम से कम १८ सें. के नीचे पहुँच जाता है। तूफान अक्सर तो नहीं आते, परंतु कभी कभी आनेवाले भयंकर तूफानों से जनजीवन अस्तव्यस्त और क्षतिग्रस्त हो जाता है। यहाँ की वार्षिक वर्षा ४० इंच है, परंतु कुछ खुली हुई तथा वर्षानुकूल ढालों पर वर्षा अधिक भी होती है। द्वीपों का धरातल सामान्यत: ऊँचा नीचा है। इन द्वीपसमूहों में अच्छी एवं उपजाऊ मिट्टी की कमी है। आबाद होने के पूर्व अधिकतर भूभाग पतझड़ किस्म के वनों से आच्छादित था, परंतु कोयले की आवश्यकता और भूमि को कृषि योग्य बनाने के ख्याल से जंगल साफ कर दिए गए हैं। प्रधान प्राकृतिक वनस्पति, लकड़ी तथा गिनी घास है। गन्ना, कपास, तंबाकू, मक्का तथा शकरकंद मुख्य फसल और भेड़ और बकरियाँ पशुओं में मुख्य हैं।

आपस में अच्छे संबंधों के बावजूद द्वीपसमूह दो भागों, ब्रिटिश वर्जिन द्वीपसमूह तथा संयुक्त राज्य, अमरीका, का वर्जिन द्वीपसमूह, में विभक्त है। कोलंबस ने सन् १४९३ में इसकी खोज की थी।

ब्रिटिश वर्जिन द्वीपसमूह - इसमें चार बड़े तथा ३२ छोटे छोटे द्वीप हैं, जिनका कुल क्षेत्रफल केवल ५९ वर्ग मील है। इसमें सम्मिलित प्रधान द्वीपों के नाम टार्टोला, अनेगादा, वर्जिनगोर्डा तथा जोस्टवान डाइक हैं। सन् १९५७ में इनकी संपूर्ण जनसंख्या थी, जिसमें से अधिकांश लाग टार्टोला में ही रहते थे। रोडटाउन यहाँ की राजधानी है, जिसकी जनसंख्या है। यह टार्टोला द्वीप के दक्षिणी भाग में स्थित एक प्रसिद्ध पत्तन भी है। कुछ मछुए तथा नाविक मछली पकड़ने का काम करते हैं तथा उससे संबंधित छोटे मोटे कार्यों की सहायता से जीविकोपार्जन करते हैं।

संयुक्त राज्य, अमरीका, का वर्जिन द्वीप समूह - सेंट टॉमस, सेंट जान तथा सांताक्रुज नामक प्रधान द्वीपों के साथ लगभग ५० अन्य छोटे द्वीप इस समूह में सम्मिलित हैं। तीनों बड़े बड़े द्वीपों को १९१७ ई. में डेनमार्क से २५०,००,००० डालर देकर खरीदा गया था। इनकी खरीद का प्रधान कारण अनेगदा मार्ग में इनकी महत्वपूर्ण स्थिति थी। ये द्वीप न्यूयॉर्क तथा पनामा के लगभग मध्य में स्थित हैं। सेंट टॉमस द्वीप पर एक व्यापारिक पत्तन भी है।

इन द्वीपों का संपूर्ण क्षेत्रफल १३३ वर्ग मील तथा संपूर्ण जनसंख्या है। सेंट टॉमस द्वीप आबादी के दृष्टिकोण से प्रथम, परंतु क्षेत्रफल की दृष्टि से दूसरा स्थान रखता है। शारलोट अमाल्ये नामक शहर यहाँ की राजधानी है। सांताक्रुज के निवासी पशुपालन, गन्ना उत्पादन तथा शराब बनाने जैसे कार्यों में लगे हुए हैं। (बसंत सिंह)