लैटिविया (Lativia) राज्य बाल्टिक राज्यों में सबसे बड़ा है। इसका क्षेत्रफल २४,६०० वर्ग मील है। यह उत्तरी यूरोप में स्थित है। यहाँ की जमीन में नीची पहाड़ियाँ और उथली घाटियाँ हैं। कुछ भूमि रेतीली भी है। छह मास तक यहाँ की जलवायु सौम्य रहती है, पर जाड़ा अत्यधिक ठंडा होता है, जिसमें जमीन पर बर्फ जम जाती है। देश के उत्तरी भाग में बर्फ के कारण जहाजों का आवागमन बंद हो जाता है। यहाँ घने जंगल हैं और खनिज का अभाव है, केवल कुछ भूरा कोयला पाया जाता है। यहाँ की नदियाँ तीव्रगामी हैं। यहाँ की आबादी १९,००,००० है। यहाँ के आदि निवासी लैटिवियाई हैं। इनके अतिरिक्त कुछ रूसी और जर्मन लोग भी यहाँ बस गए हैं। यहाँ पशुपालन तथा डेयरी उद्योग प्रमुख व्यवसाय है। यहाँ की भूमि उपजाऊ है तथा जौ, जई, आलू एवं तीसी की खेती होती है। यहाँ उद्योगों का भी विकास हुआ है। लकड़ी पर नक्काशी करना, तीसी का तेल निकालना तथा कागज, रसायनक, ऊनी एवं सूती वस्त्रों को बनाना और खाद्य पदार्थों तथा मशीनों का उत्पादन अन्य उद्योग हैं। जलविद्युत् शक्ति का बहुत विकास हुआ है। राज्य की राजधानी रीगा (Riga) है। इसके अन्य प्रमुख नगर हैं : डाउग्वपिल्स (Daugavpils, ४५,०००) तथा ल्येपाया (Liepaja) है। यहाँ की भाषा यूरोप की प्राचीन, लैटिवीयन भाषा है। यहाँ के आधे से अधिक लोग प्रोटेस्टेंट, चौथाई रोमन कौथोलिक तथा शेष यहूदी एवं अन्य धर्मावलंबी हैं।